शुक्रवार, 13 जून 2014

अरे इन दोऊ राह न पाई

            आज मन कुछ उदास था..अन्यमनस्कता में मन काम के प्रति एकाग्र नहीं हो पा रहा था..मन को कुरेदा..आखिर ऐसा क्यों? तो पता चला इधर कई दिन हो गए थे स्वजनों से मिले हुए..! मुझे अपनी मन:स्थिति का कारण समझ में आ गया...अकसर जीवन में एकरसता, वैचारिक उलझाव और इन सबसे बढ़कर अपनों से कटाव मन को उद्विग्न बनाकर उदासी की ओर ढकेल देता है, जो धीरे-धीरे अवसाद का भी कारण बन जाता हैं...खैर, ऐसी मनःस्थिति में मित्र महोदय से मिलना जरूरी था...क्योंकि...हम दोनों एक दूसरे के अकेलेपन के साथी भी हैं और इस अकेलेपन में आपसी कुरेदबाजी से हम अपनी समस्याओं का हल खोजकर मन को भी समझा लेते हैं..

           कुछ देर बाद मैं मित्र के घर के सामने था...घर के खुले दरवाजे के सामने मैं ठिठक पड़ा, उसी समय उनकी आवाज सुनायी पड़ी, “अन्दर आ जाओ भाई...!” मैं सीधे उनके कमरे में प्रवेश कर गया..देखा, वे अभी भी अपने बिस्तर पर आराम की मुद्रा में लेटे हुए हैं....थोड़ा एक ओर खिसकते हुए उन्होंने मुुझे भी उसी बिस्तर पर बैठने का संकेत किया...खैर मैं बैठा...कुछ क्षणों की चुप्पी के बाद उनके गंभीर मुखमुद्रा पर निगाह जमाते हुए मैं पूँछ बैठा, “क्या बात है..किसी चिंतन में लीन हैंं क्या..? या फिर यह अकेलेपन की समस्या है..?” मेरे इस प्रश्न पर बिस्तर पर थोड़ा उठते हुए पीठ को सिरहाने टिकाकर आराम की मुद्रा में बोले, “अरे यार..अभी तो मैं कल ही घर से आया हूँ...अकेला-फकेलापन वगैरह कुछ नहीं है...मुझे अकेलापन कभी नहीं सालता..! क्योंकि मेरा अकेेलापन मुझे स्वयं को सहेेजने के काम आता है.."  "फिर तो ऐसी मुखमुद्रा में आपको नहीं  होना चाहिए...?” मैंने विनोद भाव मेंं कहा। इसपर मेरी ओर ध्यान से देखा और बोल पड़े-

           “बस यार..आजकल अजीब सी असहमतियों का दौर चल निकला है..न जाने क्यों अब असहमतियाँ पीड़ादायी बनती जा रही हैं..असहमतियों के बीच में बातें बड़ी आसानी से गुम हो जाती हैं...चलो अच्छा संयोग है तुम आ गए..!"

            “अरे भाई अगर असहमतियाँ नहींं होंगी तो फिर बातें ही क्योंकर होगी..! लेकिन पीड़ादायी..! यह मैं समझा नहीं.." मुझे मित्र की बात में रुचि हो आई और कुछ देर के लिए ही सही मुझे उनकी बातों से अपनी अन्यमनस्क मनःस्थिति से निकल आने का मार्ग दिखाई दे गया..!

            “देखो यार तुम तो जानते ही हो, आज-कल मैं भी गाहे-बगाहे कुछ लिखने की कोशिश करता रहता हूँ...इस बार अभी जब मैं घर गया था..एक ऐसा ही अपना लिखा श्रीमती जी को सुनाने का प्रयास किया था...” कहते हुए मित्र ने मेरी ओर देखा..

           मैं तपाक से पूँछ बैठा, “तो क्या उनने सुनने से मना कर दिया...!”

           “नहीं यार..! जैसे उनकी सुनना मेरी मजबूरी, वैसे ही मेरी भी सुनना तो उनकी मजबूरी है..! और तुम तो जानते ही हो, पत्नी से बढ़िया श्रोता कम से कम कोई दूसरा नहीं हो सकता...बस उनकी इसी मजबूरी का फायदा मैंने उठाया और उनसे अपनी लेखकीय क्षमता की डींग मारना चाहा..क्योंकि उनकी नज़रों में मैं बेवकूफ ही हूँ...!”

           मेरी प्रतिक्रिया की परवाह न करते हुए मित्र महोदय ने आगे फिर जैसे अपनी व्यथा-कथा कहने के अंदाज में बोलते गए..

           “मैंने अपनी लिखी एक कहानी उन्हें सुनाई...जानते हो... जैसा एक लेखक करता है..एक थोड़े से यथार्थ में अपनी कल्पनाशक्ति का प्रयोग मैंने उस कहानी में किया था..कहानी सुनाने के बाद जब गर्वित भाव से मैंने श्रीमती जी की प्रतिक्रिया जाननी चाही...तो..!”

           “तो उनकी प्रतिक्रिया क्या थी...?” मैंने उनकी व्यथा टटोलने के प्रयास में पूँछा।

           “तो..उन्होंने उस कहानी की सच्चाई के बारे में पूँछा..मैंने उन्हें कहानी के यथार्थ पक्ष के बारे में बताया..जो मन को झकझोरने वाली एक घटना थी..फिर आत्मश्लाघा में मैं उन्हें समझाने भी लगा कि कैसे अपनी कल्पनाशक्ति का प्रयोग करते हुए मैंने इस कहानी को लिखा है..इस पर जानते हो उन्होंने क्या बोला...?” कहते हुए मित्र महोदय ने मेरी ओर प्रश्नवाचक निगाहों से देखा..! और मेरे उत्तर की प्रतीक्षा किए बिना मेरी जिज्ञासा शान्त करते हुए फिर बोले..

          “कहानी के यथार्थ पक्ष और उसके कलात्मक पक्ष को सुनने के बाद श्रीमती जी कुछ देर तक तो मुझे मौन घूरती रहीं और फिर बोली कि हूँ....तो तुम इस कहानी के माध्यम से समाज को सन्देश देना चाहते हो...है न..? इसपर मैं भी कह बैठा...हाँ..हाँ तुमने सही पकड़ा...जानते हो इस पर उनकी क्या प्रतिक्रिया रही..?”

          खैर, मित्र महोदय बोलते रहे-

          ‘पत्नी बोली...अच्छा..!! इतनी सीधी बात को इस तरह घुमा फिरा कर कहने की क्या जरुरत है..हाँ उनका इशारा मेरी कहानी की ओर था..उन्होंने कहा...अपनी बात सीधी तरह से भी तो कह सकते हो...लोगों पर इसका सीधा असर होता...! एक सीधी और सच्ची बात जब कहानी के रूप में कही जाएगी तो उसका यथार्थ गौण हो जाएगा...उसके कला-पक्ष की ही चर्चा अधिक होगी...जैसे शिल्प ऐसा है वैसा है आदि-आदि...समाज पर इस कहानी का क्या प्रभाव होगा सिवाय तुम्हारे थोड़ा चर्चित हो जाने के..! और फिर जानते हो उन्होंने क्या कहा...?”

             अपने इस लम्बे कथन के साथ मित्र ने मेरी ओर कातर भाव से देखा..लेकिन मैंने उनकी इस कातरता को नजरअंदाज करते हुए निष्ठुर-भाव से पूँछा, क्योंकि मुझे उनकी बातों में मजा आ रहा था-

             “आपकी पत्नी जी ने क्या कहा..?”

             “अरे यार उनको कहना क्या था जो उन्हें कहना था उसे उन्होंने कह ही दिया था लेकिन ऊपर से यह भी कह दिया कि कम से कम इसे कहीं छपने के लिए भेज दो ताकि कुछ पैसा मिले तो घर का खर्च भी चल जाए..!”

          मित्र की इस बात पर मैंने मुस्कुराते हुए कहा, “भाभी जी ने मजाक किया होगा...छोड़ो इस बात को...हाँ, बात को सीधे ढंग से कहने की उनकी बात मुझे जम रही है...”

            “यही तो मेरी पीड़ा है तुम भी उन्हीं जैसी बात कर रहे हो...! ये बताओ, क्या यह कबीर का जमाना है...कि कोई अपनी बात सीधे और सपाट ढंग से कह दे..? वह पांच-छः सौ साल पुरानी बात है कि लोग सीधी और सपाट बातें सुन लेते थे..! आज कह कर देखो....! चौराहे पर खून बह जाएगा..! वह कबीर ही थे कि मुल्ला और पंडित दोनों की खिल्ली उड़ाई...आज किसी में है यह दम कहने और सुनने की..! और..कहते हो कि अपनी बात सीधे सपाट ढंग से कह दो..!” कहते हुए मित्र महोदय उत्तेजित हो चुके थे..!

            उनकी बात से मैंं थोड़ा शांत और चिंतन की मुद्रा में आ गया..लेकिन अगले ही पल मैं बोला, “यार बात तो ठीक ही कहते हो...हम कभी समझदार नहीं रहे..तभी तो कबीरदास जी ने कहा था...अरे इन दोऊ राह न पाई...अगर ऐसा होता तो छोटी-छोटी बातों मेंं किसी निर्दोष का खून न बहता..या फिर मात्र अपने विचारों के लिए
हम आपस में न लड़ रहे होते..!

             “अरे दोऊ नहीं भाई ! हम तो कहेंगे...कोऊ न राह पाई.. यार..! सब मरगिल्ले पागलों की भांति एक-दूसरे को मिटाने पर तुले हैं...तिस पर कोढ़ में खाज यह राजनीति...!!”

           इसी के साथ मित्र महोदय जैसे अपनी सारी व्यथा-कथा बयाँ कर चुके थे...मैंने उनके हलके होते मूड को भाँप लिया और कह बैठा,

            “यार आप की पत्नी जी समझती नहीं..आज के जमाने में कथन सीधे सपाट नहीं कलात्मक लहजे में ही होना चाहिए..आखिर..कहने वाले की सुरक्षा का भी तो प्रश्न है..!! लेकिन छपवाने की बात उन्होंने सही कही..क्योंकि घर चलाने के लिए पैसे भी तो चाहिए..कला बिकती है तो इसे बेंचने में क्या हर्ज...!! और समाज-वमाज भी अब व्यापारिक हो चला है, इसे व्यापारिक बातों से ही सुधरना है...सीधी सपाट बोली से नहीं..!!”

            यह सब बोल चुकने के बाद मैंने कहा, "यार, मुझे कुछ काम है अपनी वह अदरक वाली चाय पिलाओ तो चलें..." आजकल मित्र महोदय चाय बढ़िया बनाते हैं... चाय पीते हुए हम सब कुछ भूल चुके थे...

सोमवार, 31 मार्च 2014

झंडाबरदार..

                उस दिन मित्र से मेरी नेतृत्व कैसा हों चाहिए इस विषय पर बहस हो रही थी कि अचानक उनके मुँह से निकला,
            "किसी चीज का झंडाबरदार नहीं होना चाहिए। ऐसी स्थिति में हम कुछ नही कर पाते क्योंकि तब हम नारेबाजी के शिकार हो उठते है।"
           आगे उन्होंने फिर जोड़ा,
           "और आज यह इतना अधिक हो रहा है कि लोग व्यंगात्मक हंसी के साथ धीरे-धीरे महत्वहीन करार कर देते हैं।" 
             अब मैं मित्र महोदय से पूँछ बैठा,
             "लेकिन हमें किसी चीज का झंडाबरदार क्यों नहीं होना चाहिए ? आखिर किसी न किसी को तो आगे
आना ही होगा।"
              उन्होंने उत्तर दिया,
              "हाँ यह सत्य है.… किसी न किसी को तो आगे आना ही होगा…, लेकिन झंडाबरदार व्यक्ति के साथ अकसर एक समस्या हो जाया करती है....  क्योंकि अंत में उस व्यक्ति के हाथ में मात्र डंडा ही बचता है और झंडा गायब हो जाता है.... ऐसी स्थिति में व्यक्ति का ध्यान धीरे-धीरे डंडे पर ही अटक जाता है..... और झंडे के गायब होने से वह पथ से भटक जाता है, क्योंकि शक्ति का अकसर दुरूपयोग ही होते देखा गया है।  अतः गंतव्य को ही मंतव्य मानते हुए अत्यंत सावधानी पूर्वक पथ पर अग्रसर होना चाहिए तभी किसी आन्दोलन कि सार्थकता हो सकती है।"
             इतना कह मित्र महोदय आचानक उठ खड़े हुए जैसे उन्हें किसी चीज की याद आ गयी हो और पुनः आने का वादा कर चले गए। मैं भी मन मसोसकर रह गया कि आगे मित्र महोदय से डिटेल में इसपर बात करूंगा।   
 

शनिवार, 25 जनवरी 2014

केजरीवाल अब "अराजक" नहीं "राजक" उन्हें 'काफी-मशीन' की तरह काम करना चाहिए..

            स्वतंत्रता आन्दोलन की समाप्ति के बाद महात्मा गांधी ने कहा था कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को भंग कर देना चाहिए। उनके इस कथन के पीछे जो भी कारण रहा हो लेकिन एक बात तो निश्चित है कि उन्हें इस बात का आभास रहा होगा कि आजादी की लड़ाई के लिए जिन आदर्शों को ग्रहण कर इस दल का गठन किया गया था वह भूमिका अब पूरी हो चुकी थी तथा आजादी के बाद एक राजनीतिक दल के रूप में इसकी भूमिका बदल जायेगी और एक नए मानक को अपनाना होगा। एक राजनीतिक दल के सदस्य के रूप में केजरीवाल की बदली हुई भूमिकाओं की तुलना भी हम इस सन्दर्भ में कर सकते हैं। किसी भी राजनीतिक दल के लिए कुछ प्रतिबद्धताएं और उनका एक पक्ष होता है इसी प्रकार सिविल सोसायिटी के एक सदस्य के रूप में केजरीवाल की जो भूमिका थी वह एक राजनीतिक दल के सदस्य के रूप में बदल गयी है। उन्हें अपने ‘आन्दोलनकारिता के तत्व’ को उसी अंदाज में एक सत्ताधारी राजनीतिक दल के सदस्य के रूप में प्रयोग करने पर उसके किस तरह के परिणाम होंगे इस पर भी विचार करना होगा। 
        एक मुख्यमन्त्री के रूप में अपनी कुछ मांगों को लेकर धरने पर बैठने की काफी आलोचनाएँ हो रही है तथा इसके औचित्य पर भी प्रश्नचिन्ह खड़ा किया जा रहा है, कुछ लोग तो इसे संविधान का उल्लंघन भी बता रहे हैं। यहाँ हमें दो प्रश्नों पर विचार करना होगा प्रथम उनका धरना किस बात को लेकर और किसके विरुद्ध था और दूसरा ‘आन्दोलनकारिता के तत्व’ का ऐसा प्रयोग उचित था या नहीं। हम पहले प्रश्न पर आते हैं; यहाँ दिल्ली सरकार का मुख्यमंत्री केन्द्र सरकार की एक व्यवस्था के विरूद्ध धरना दे रहा था और अपनी सीमा को समझाने का प्रयास कर रहा था। अपनी इस भूमिका में  केजरीवाल एक मुख्यमंत्री के रूप में नहीं बल्कि अपने से सशक्त एक व्यवस्था के विरूद्ध आम आदमी की भूमिका में थे। उनके इस रूप को हम पूरी तरह अनुचित तथा औचित्यहीन नहीं मान सकते। यहाँ इस बात पर ध्यान देंगे कि अंग्रेजी शासन के विरुद्ध हम अपने स्वतंत्रता आंदोलन को अराजकता की श्रेणी में नहीं रखते भले ही वह अंग्रेजों के लिए अराजक रहा हो। इसी तरह स्वतंत्रता के पश्चात तमाम मुद्दों पर सिविल सोसायिटी के आन्दोलनों को भी अराजकता की श्रेणी में नहीं रखा जाता। इसलिए केजरीवाल के धरने पर बैठने की भूमिका को भी हम अराजकता की श्रेणी में नहीं रख सकते। इस संबंध में महत्वपूर्ण यह है कि जिस तंत्र के विरुद्ध हम आंदोलनरत होते हैं उस तंत्र के लिए हम अराजक होते हैं; शायद इसीलिए केजरीवाल ने धरने की भूमिका में अपने को ‘अराजक’ कहा। 

       अब हम दूसरे प्रश्न विचार करते हैं कि केजरीवाल द्वारा ‘आन्दोलनकारिता के तत्व’ का प्रयोग एक मुख्यमंत्री के रूप में किया जाना क्या उसके औचित्य को सही ठहराता है; यहाँ पर केजरीवाल को यह समझना होगा कि अब वह ‘अराजक’ नहीं बल्कि ‘राजक’ हैं और एक व्यवस्था के अंग बन चुके हैं। अतः वह अपने ‘आन्दोलनकारिता के तत्व’ का प्रयोग उसी जाने पहचाने अंदाज में नहीं कर सकते क्योंकि प्रकारान्तर से इसमें ‘स्वयं का विरोध स्वयं के द्वारा’ नामक भाव छिपा है जो स्वयं के व्यक्तित्व को खंडित करती हैं और उन्हें इस व्यवस्थाजनित प्राप्त एक बड़ी भूमिका को छोटी भूमिका में बदल देती है, जिससे उनका उद्देश्य पूरा होता दिखाई नहीं देता। ‘आप’ के इस नेता को अपने उसी पुराने ‘मानसिक तत्व’ को बरकरार रखते हुए अब एक ‘काफी मशीन’ की तरह काम करना पड़ेगा अर्थात जिस तरह बिना सीधी लौ के केवल भाप की ऊष्मा से काफी गर्म हो जाती है उसी तरह अपने “आन्दोलनकारिता के तत्व” के लौ का सीधे तौर पर प्रयोग न कर इससे भाप जैसी ऊष्मा का निर्माण करना होगा जो ठंडेपन की व्यवस्था को बदल सके। इस संबंध में “आप” को कांग्रेस के गठन के इतिहास से भी सबक लेना होगा जब अंग्रजों ने बड़ी चालाकी से विदेशी शासन के प्रति भारतीयों के गुस्से को एक सेफ्टी वाल्व के माध्यम से निकल जाने के लिए कांग्रेस का गठन कराया था लेकिन उसी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने भारत की आजादी में एक महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। निश्चित रूप से यदि “आप” अपने “मानसिक तत्व” को बनाए रखने के साथ धीरे-धीरे आगे बढ़ने का प्रयास करती रहेगी तो पैंसठ सालों से प्रतीक्षित एक नयी गणतांत्रिक आजादी अवश्य आएगी। 
                              ---- गणतंत्र की शुभकामनाओं के साथ                        

शनिवार, 14 दिसंबर 2013

"पॉलिसी मैटर"

           एक कहावत है कि ‘ईमानदारी सर्वोत्तम नीति होती है’ इस नीति के पालनकर्ता में क्या ईमानदारी का तत्व वास्तव में होता है..? या फिर उसकी ‘नीयत’ में कोई खोट होता है और ईमानदारी उसके लिए केवल ‘पालिसी मैटर’ तक ही सीमित होता है...| यह प्रश्न मन में इसलिए उठा है कि अभी-अभी राजनीति में उभरी एक नयी पार्टी ने अपने मुद्दों पर सरकार बनाने और इन्हीं मुद्दों की शर्त पर कुछ अन्य लोगों को उसे समर्थन देने की चुनौती दे डाली है...उसके मुद्दे इस नयी पार्टी को बेहद ईमानदार दिखाते है जो उसके ईमानदार नियत के प्रतीक हो सकते हैं..लेकिन संदेह इस बात का हो सकता है कि कहीं यह पार्टी का ‘पालिसी मैटर’ तो नहीं है..?
              इस संदेह का कारण राजनेताओं पर से उठता विश्वास, संतों-योगगुरुओं एवं तथाकथित भगवानों के कारनामें और इन सब से बढ़ कर ऐसे सामाजिक कार्यकर्ता जिनसे पूरे देश को एक उम्मीद जगी...लेकिन उनसे भी टूटती उम्मीदें..! समाज के विभिन्न क्षेत्रों का नेतृत्व करने वाले हर उस व्यक्ति में बुराइयां नजर आने लगी हैं जो अपने-अपने क्षेत्रों का मसीहा बनने का प्रयास करते हुए दिखाई देते हैं...और तो और...कौन कितना बड़ा मसीहा है इसके लिए भी लड़ते हुए लोग..! हर तरफ जैसे एक तमाशे का मंच सा सजा हुआ है..! परिदृश्य में फिर भी निराशा...! हम किससे उम्मीद करे...! या फिर जिनसे उम्मीदें हैं वे परिदृश्य में ही नहीं हैं...! क्या यहीं पर ‘नीति’ और ‘नीयत’ का प्रश्न नहीं उठता...!

            कुछ लोगों ने नीति तो बनाई लेकिन नीयत को ठीक नहीं रखा तो कुछ के पास अपनी नीयत पर चलने के लिए नीति नहीं..या फिर नीयत पर ही संकट छा गया। ’ईमानदारी की सर्वोत्तम नीति’ वास्तव में ईमानदारी को एक साधन के रूप में स्वीकार करती है, यहाँ ईमानदारी अपने व्यापक स्वरुप में नहीं होती और साधन के रूप में इतर नीतियों को भी अपनाया जाता है जो साध्य के स्वरुप को भी बदल देता है| यही कारण है कि लोगों ने आज ‘जनकल्याण के लिए सत्ता’ को ‘सत्ता के लिए जनकल्याण’ में बदल दिया है, फलतः तमाम उम्मीदों के टूटते जाने के हम शिकार हो गए हैं| यदि कोई परिवर्तन लाना है तो हमें अपनी नीयत को सर्वोपरि रखना होगा और नीतियों को भी अपनी इसी ‘नीयत’ के लिए बनाना होगा नहीं तो एक बिछे हुए चौसर पर मात्र हम पासे फेंकते हुए ही नजर आएंगे.. आज हमें ‘ईमानदारी की नीति’ नहीं बल्कि एक ‘ईमानदार नीयत’ की आवश्यकता है |   

गुरुवार, 21 नवंबर 2013

क्या संवैधानिक संस्थाएं किसी के सम्मान की मोहताज भी हो सकती हैं...?

           हमारी संवैधानिक संस्थाओं में जब किसी प्रतिष्ठित या शक्तिशाली राजनीतिक व्यक्ति के विरुद्ध कोई मामला जाता है तो प्रायः उस व्यक्ति द्वारा यह कहते हुए सुना जा सकता है कि वह इस संस्था की इज्जत करता है इसलिए सम्बंधित संस्था को इसका उत्तर देगा, क्या प्रकारांतर से उसका यह कथन उसके इस अहं को नहीं दर्शाता कि वह चाहे तो इस संस्था को उत्तर ही न दे ? जैसे न्यायालय से कोई बड़ा सजायाफ्ता व्यक्ति यदि यह कहे कि वह न्यायालय के निर्णय का सम्मान करता है..और आगे इसे देखेगा...! क्या कोई एक कमजोर या गरीब व्यक्ति के मुँह से यही वाक्य निकलेगा..? अरे भाई..तुम न्यायालय या इसके जैसे किसी संवैधानिक संस्था की बातों का सम्मान करो या न करो लेकिन वह तुम्हारे सम्मान की मोहताज भी नहीं है..   

बुधवार, 20 नवंबर 2013

पत्रकारिता किसी के उल्लू को सीधा करने का काम न करे..

          लगता है हम सब अब राजनीतिक हो चले हैं इसके इतर जैसे हम कुछ सोचना ही नहीं चाहते...और हर राजनीतिक घटनाक्रम के साथ राजनीतिक वक्तव्य भी राजनीतिक खबर होती है..! बचपन में जब हम अख़बार पढ़ते थे तो प्रकाशित समाचार सूचनाएं हुआ करती थी जिनसे कुछ अस्तित्वमान तथ्यों का बोध हुआ करता था या घटनाएँ ही ख़बर होती थी लेकिन आज किसी के कथन को ही एक ख़बर के रूप में प्रकाशित कर दिया जाता है...खासकर राजनीतिक वक्तव्य को बहुधा खबर के रूप में जगह मिल जाती है...इसके साथ-साथ अन्य वक्तव्य जैसे यदि किसी समाचार-पत्र में 'भारत में गरीबी कम हुई' जैसी हेडलाइन प्रकाशित होती है तो इसको पढ़ते हुए हम इसे एक तथ्यात्मक सूचना मानने की भूल कर सकते हैं..क्योंकि समाचार-पत्र में प्रकाशित यह हेडलाइन मात्र किसी का कथन भर हो सकता है, और आज के समाचार-पत्रों में इस तरह के भ्रमात्मक समाचार शीर्षकों की भरमार होती है|
              आज का मजाकिया जैसा लगने वाला समाचारों का यह मीडिया इसी तरह राजनीतिक कथनों को ही खबरों के रूप में अधिक महत्व देने लगा है..परिणामस्वरूप कोई महान नेता बन रहा है, कोई महान समाजसुधारक बन रहा है तो कोई ईमानदार नेता की छवि गढ़ रहा है और तो और कोई महान संत बन भगवान का दर्जा भी प्राप्त कर रहा है..और शायद इन सब में भ्रमात्मक समाचार-शीर्षकों का विशेष योगदान रहता है...        
             हमें लगता है ऐसी ख़बरों का केन्द्र्विंदु बना व्यक्ति अपने वार-रूम में बैठा कुटिल मुस्कराहटों के साथ प्रकाशित अपने इन ख़बर रूपी वक्तव्यों का हम पर पड़ने वाले प्रभाव का आकलन करता होगा...तथा समाचार-पत्रों के लिए एक नए वक्तव्य गढ़ने की तैयारी भी कर रहा होता है...और हम हैं कि अपने मन में ऐसे व्यक्तियों के लिए तमाम उपाधियों को तलाशते रहते हैं...तथा हम अपनी तमाम अपेक्षाओं, आकांक्षाओं को धुल-धूसरित होते हुए भी देखते हैं...हम किसे दोष दें...कहीं हम मूर्खों के साम्राज्य में तो नहीं रह रहे हैं...जहाँ केवल मूर्ख बनाने का खेल खेला जाता हो और कहीं कोई उल्लू सीधा हो रहा हो...लेकिन पत्रकारिता का एक काम तो लोगों को सजग करना भी तो होना चाहिए..!              

सोमवार, 21 अक्टूबर 2013

हुडदंग...!

              
             उस दिन सड़क मार्ग से गुजरते हुए...आँखें बंद किए...मैं सोचता जा रहा था...आज...घर जल्दी पहुँचना है... क्योंकि इधर कई दिनों से घर नहीं जा पाया था... अचानक...एक हल्के से... धक्के से... आँख खुल गयी... ड्राइवर से पूँछा,
               “क्या बात है भाई...गाड़ी क्यों रोक दिया..?”
                          “सर... आगे जाम लगा है..|” ड्राइवर ने स्थिति से अवगत कराते हुए कहा|
            तब-तक ड्राइवर कार से उतर चुका था...मैं..थोड़ा बेचैन सा हो गया था...क्योंकि यहाँ विलम्ब होने पर ट्रेन छूटने का डर था...और..अगर यह ट्रेन छूटी..तो फिर देर रात तक प्लेटफार्म का नजारा देखते रहना पड़ेगा...फिर...अगली सुबह ही घर पहुँच पायेंगे...हाँ...बेचैन होने का कारण यही था....ड्राइवर द्वारा कार के गेट खोलने की आवाज से सोचने का तारतम्य फिर टूटा..
             मैंने उससे पूँछा-
             “क्या हाल है.....?”
             “अरे..सर..! कुछ पूँछिये मत...बहुत लम्बा जाम है...इसे खुलने में काफी वक्त लगेगा..|” ड्राइवर ने मायूसी से कहा| 
     शायद उसे भी मेरी चिंता की चिंता थी | मैंने पलट कर अपनी गाड़ी के पीछे देखा... अब तक मेरी गाड़ी के पीछे भी कई गाड़ियाँ आ कर खड़ी हो चुकी थी..|
              “यार ये बताओ यह जाम-साम क्यों लगा है...|” मैंने थोड़ा तल्ख़ लहज़े में उससे पूँछा| हालांकि मेरी यह तल्खी ड्राइवर के ऊपर नहीं थी|
               “क्या बताएं सर...आजकल दुर्गापूजा जो नहीं चल रहा है...! वही...आगे मूर्ति विसर्जन का जुलूस चल रहा है...|” ड्राइवर ने बड़े शांत स्वर में जबाव दिया..|
               “ओह....! गए काम से...!” मेरे मुँह से निकला|
              “हाँ सा..ब एक घंटे से अधिक समय लग सकता है...लम्बा जुलूस है...|” गर्दन को थोड़ा ऊपर उठाकर आगे की ओर उचक कर देखते हुए उसने कमेंट्री करने के अंदाज में जानकारी दी|
                मन थोड़ा सा खिन्न हो चला था...पैर फ़ैलाने की कोशिश में कार की सीट पर अब तक पसर चुका था...| ड्राइवर भी अपनी सीट पर बैठ चुका था...लेकिन आराम और जाम खुलने के इंतजार की मुद्रा में!
              मुझे अब विश्वास हो चला था...मेरी ट्रेन छूट जाएगी...मैंने छाई चुप्पी को तोड़ते हुए कहा,
              “ये पूजा है कि हुडदंग है...!”
             “खाली-पीली किसी को कुछ काम तो है नहीं... अरे साब...यही नहीं इस जुलूस में लड़के शराब पी कर भी नाच रहे होंगे...पिछले साल ऐसे ही...” वह शायद किसी घटना का वर्णन करना चाह रहा था....लेकिन सोने की मुद्रा में...मेरी आँखों को बंद देख चुप हो गया|
                याद आया..अभी पिछली गर्मियों में जब परिवार के साथ घर जा रहा था तब स्वयं गाड़ी चला रहा था...एक कस्बे में प्रवेश करने ही वाला था...आगे पुलिस वाला रास्ता रोके हुए खड़ा था...मुझे रुकने का इशारा कर दिया...हाँ ताजिए का जुलूस निकल रहा था...पौन घंटे बाद ताजिया गुजरने के बाद जाने दिया गया था...|
             तभी ड्राइवर ने कार का हार्न बजाया... तन्द्रा भंग हुई...उत्सुकता वश सारथी से पूँछा,
              “क्या जाम खुल गया...?” अभी भी ट्रेन पकड़ लेने की क्षीण सी आशा बची थी|
           “नहीं साहब...शायद नहीं...|” अनमने ढंग से उसने कहा| शायद उसे कुछ गलतफहमी हुई थी|
             अब मैं निराश हो गया था...अपने तनाव को कम करने के प्रयास में ड्राइवर से बतियाने लगा...
            “पहले तो यह त्यौहार इस रूप में तो नही मनाया जाता था..!” मैंने बात बढ़ाई|
           “हाँ..सर...हम लोगों के समय तो रामलीला का ही हर जगह चलन था...| मेरे अनुमान को सही ठहराते हुए उसने कहा|
             लेकिन मेरा ध्यान उसका कभी मुझे ‘साहब’ और कभी ‘सर’ कहने पर था...इस बार उसका ‘सर’ कहना मुझे अच्छा लगा...विश्वविद्यालयी दिनों में सीनियर छात्रों को हम लोग 'सर' ही सम्बोधित करते थे...लेकिन कोई मुझे ‘साहब’ बोले यह पसंद नहीं...! यह शब्द सुनते ही बचपन में पढ़ा कबीर का यह दोहा बरबस याद आ जाता है-
                     साहब से सब होत हैं, बन्दे ते कछु नाहिं
                     राई  ते  पर्वत  करे , पर्वत राई  माहिं
             हाँ....इस दोहे के याद आ जाने के बाद “साहब” शब्द का संबोधन मुझे व्यंग्य जैसा प्रतीत होने लगता है..!
             “अब तो रामलीला भी दशहरा मेले में रावण-दहन कार्यक्रम तक ही सीमित हो गया है...और...सर...रावण-दहन भी टीवी लाइव हो गया है...|’’ ड्राइवर के इस वाक्य से मैं वर्तमान में आ गया..मोबाइल में समय देखते हुए झल्लाहट भरे स्वर में बोला-
               “पता नहीं.. क्यों लोग...बेचारे रावण को ही बार-बार जलाते हैं...अपने को क्यों नहीं जला डालते....सब रेटिंग का खेल है!” कह मैं चुप हो गया| वह बेचारा मेरा मुँह ताकने लगा था..!
              “अरे..सर बस जाम खुलने ही वाला है....” मेरी परेशानी को भांपते हुए उसने कहा|
              कार अब बढ़ चुकी थी... देर होना था...सो हो चुका था...| प्लेट फार्म पर पहुंचा तो ट्रेन जा चुकी थी...अगली ट्रेन की प्रतीक्षा के अलावा कोई चारा नहीं था.....कुछ घंटे प्लेटफार्म पर अकेले बिताने थे...| मैंने ड्राइवर को विदा कर दिया था...प्लेटफार्म पर भीड़ कम थी एक बेंच खोज कर मैं अर्ध-निमीलित आँखें ले...उस पर बैठ चुका था...तभी एक ट्रेन दूसरे प्लेटफार्म पर आ कर रूकी उस पर चढ़ते-उतरते यात्रियों को ध्यान से देखने लगा....काश...! मैं भी समय पर पहुँच गया होता तो....!
               उस ट्रेन के गुजर जाने के बाद प्लेटफार्म खाली हो चुका था....सन्नाटा पसरा...बस रह-रह कर कबूतरों की गुटरगूं...जो प्लेटफार्म की छत के एंगिल पर बैठे हुए थे...ही सुनाई दे रहा था...एक कुत्ता कही से...आराम से चलते हुए...मेरे सामने ही आकर बैठ गया था...मैंने सोचा वास्तव में यदि मानव का कोई सच्चा साथी है तो वह कुत्ता ही है... द्वापर में पांडवों के साथ यह हिमालय के पहाड़ों तक चला गया था...! और आज कलियुग में भी उसकी यह आदत नहीं छूटी है...अंतर है तो बस यात्राओं का..! यह भी बड़ा विचित्र जीव होता है..! पता नहीं मानव जैसे जीव से इसकी इतनी क्यों पटती है...! वह कुत्ता धीरे से उठा...और मुझे अकेला छोड़...वहां से चल दिया...शायद मेरे मन की बातों को ताड़ वह परेशान सा हो गया हो...!
              मन ही मन...मैं रह-रह कर उस क्षण को कोस रहा था जब मूर्ति-विसर्जन का वह जुलूस सामने आ गया था.... क्या धर्म भी प्रदर्शन की चीज है...! हमारे बचपन में तो ऐसा कुछ भी न था...हाँ जब पहली बार कस्बे में दुर्गा की मूर्ति स्थापित हुई थी तो उसे बड़े ही कौतूहल से देखा था....भरे बाजार में स्थापित मूर्ति को देखकर इसे स्थापित किए जाने का कारण भी पूंछा था...नवरात्रि में माँ की पूजा...हाँ..यही कारण बताया गया था उसे....तब इस मौसम में वह रामलीला को ही जनता था...इसे देखने के लिए कितना उल्लसित होता था...! सांझ ढलने के पहले ही हम सारे बच्चे अपनी-अपनी जगह पक्की करने के लिए टाट बिछा आते थे...रावण का हँसना उसे अब भी याद है...लक्ष्मण-शक्ति पर बड़े भाई राम के विलाप का बेसब्री से इन्तजार रहता था...! अरे हाँ...धनुष-यज्ञ में भी तो बड़ा मजा आता था...! और तो और किसी दृश्य के प्रारंभ या विशेष प्रसंग के समय गाए जाने वाले ढोल-मजीरों और हारमोनियम के बीच चौपाई का वह राग उसे अब भी याद आता है....बचपन में यह सब कितना सम्मोहक था...!
             बचपन में यह सब देख वह कितना प्रेरित होता था...! धनुष-बाण बना कर सारे बच्चे मिल कर आपस में खूब खेला करते थे...उसे आज भी याद है...रामलीला से ही प्रेरणा लेकर जब एक बार उसने कुछ बच्चों के साथ मिल एक नाटक खेला था...! हाँ उस नाटक में एक महिला पात्र की भूमिका बहुत महत्त्वपूर्ण थी...लेकिन शर्म के मारे कोई उस महिला पात्र की भूमिका नहीं निभाना चाहता था...कारण... हम बच्चों द्वारा खेले जा रहे उस नाटक को घर के बड़े लोग भी देखना चाह रहे थे...एक समय ऐसा भी आया था जब उस महिला पात्र के लिए हम बच्चों के बीच से कोई तैयार नहीं हो रहा था तो नाटक न खेलने का निर्णय कर लिया गया था...तब आचानक स्वयं आगे आ कर उसके लिए मैं तैयार हो गया था... बाद में इसके लिए उसे सराहना भी मिली थी..खैर उस समय हम ग्रामीण बच्चों के लिए रामलीला प्रेरणादायी भी सिद्ध होता था....
               ....लेकिन आज....! बाजारों में... और यहाँ तक कि गावों में भी स्थापित होने वाली दुर्गा-मूर्तियों के झरोखे मात्र सजे हुए दुकान की तरह ग्राहकों के आने की प्रतीक्षा करते प्रतीत होते हैं... आखिर यह तमाशा क्यों किया जाता है...जैसे...सब आस्था का मजाक उड़ाते प्रतीत होते हैं...! या यह कहीं हमारी उस आदिम मानसिकता को तो नहीं प्रदर्शित करता...जिसमें किसी देवता को स्थापित कर आदिवासी समूह नाचते-गाते नृत्य करता हुआ दिखाई देता है...फिल्मों में ऐसे दृश्य तब लिए जाते हैं जब हीरो या हिरोईन किसी आदिवासी समूह के बीच पड़ जाते हैं और उस आदिवासी समूह का मुखिया अपने देवता के सामने उन्हें बलि देने की तैयारी करता है.... फिल्मों में ऐसे दृश्यों को हम हिकारत से देखते हैं......! तो फिर... आज के इस सभ्य समाज में हम उसी आदिवासी मानसिकता का आचरण करते दिखाई क्यों देते हैं...? जहाँ हमारा व्यर्थ का जूनून ही हम पर चढ़ा दिखाई देता है.... और...पता नहीं कितने लोगों को हम अपने इस आदिम मानसिकता वाले तमाशे में बंदी बना उन्हें उनके गंतव्य तक पहुँचने से रोक देते हैं...! हमारे देश में विभिन्न धार्मिक मतावलंबी रहते हैं समाज में धार्मिक आडम्बरों का बढ़ता यह चलन कहीं एक दूसरे को अपनी-अपनी शक्तियों का अहसास कराना तो नहीं होता...! तभी तो मेरे ड्राइवर ने कहा था,
            “अरे..साहब सभी तो अपने-अपने त्योहारों में रोड घेरे रहते हैं...|” जुलूस के प्रति मेरे गुस्से को शांत करने के अंदाज में उसने कहा था|
            “टिंग...टांग...टुंग...यात्रीगण कृपया ध्यान दें...फला जगह से चलकर फला जगह को जाने वाली ट्रेन नंबर........ प्लेटफार्म नम्बर...पर थोड़ी ही देर में आने वाली है...” सुनाई दिया...!
             लेकिन मन अब राग-द्वेष रहित हो चुका था...कारण मन परिस्थिति को स्वीकार कर चुका था...ट्रेन आने की सूचना पर मन किसी प्रतिक्रिया में नहीं पड़ा क्योंकि देर होना था हो चुका था....हाँ जब समान समेट मैं खड़ा हुआ तो प्लेटफार्म पर ही मुझे कई तरह के वाक्य लिखे झंडे उठाये हुए सैकड़ों लोगों का एक और जुलूस दिखाई दिया....सब लोग मिलकर समवेत स्वर में कोई नारा लगा रहे थे...नारा किसी जाति-समूह के जिंदाबाद से सम्बंधित था....मैंने उनके द्वारा उठाए हुए बैनरों पर लिखे वाक्यों को पढ़ने की कोशिश की....हाँ उस पर किसी जाति के जिंदाबाद और संघर्ष करने की बात लिखी थी...पढ़ते-पढ़ते मैं भी अपना समान समेट उनके साथ हो लिया क्योंकि वे सब भी उसी प्लेटफार्म पर जा रहे थे जिस पर मेरी ट्रेन आ रही थी....हालाकि मुझे उन सब को देख कर मन में यह भय होने लगा था कि कहीं ये सब ट्रेन की सीटें न कब्ज़ा लें....खैर उस जातीय जुलूस में शामिल एक गरीब बुजुर्ग जो सबसे पीछे चल रहा था...शायद उसके उम्र का यही तकाजा था....उससे मैंने पूँछा,
             “क्यों बाबा कहाँ जा रहे हैं...”
             “राजधानी...” उसने उत्तर दिया|
             “का समस्या अहै बाबा...” मैंने अपनी जिज्ञसा जाहिर की|
             “हमका नाहीं पता बेटवा...सब कहें हमहूँ चला आवा..हमारे जाति का सम्मेलन अहै...|” उस भोले-भाले वृद्ध ग्रामीण ने उत्तर दिया|
             लेकिन उस जुलूस में शामिल अन्य युवा ऐसे चिल्ला रहे थे जैसे उस जाति पर कोई संकट आ खड़ा हो गया हो...मैंने गौर किया जैसे ही वह जुलूस अन्य यात्रियों के पास पहुंचता वैसे-वैसे नारों का स्वर तेज़ हो जाता...सोचा..शायद...इस प्रहसन के लिए भी दर्शक की आवश्यकता हो...! मैंने इन सारे नारों-जुलूसों-जाम को देख कर सोचा...
              आखिर...हमारा संविधान क्या कर रहा है..? कहीं वह भी एक धार्मिक ग्रन्थ बन पंडितों-मौलवियों और यजमानों का इन्तजार तो नहीं कर रहा..!             
              धीरे-धीरे...ट्रेन आती हुई दिखाई दी...सारे लोग अब लगभग शांत हो चुके थे...शायद अब...उन्हें अपना गंतव्य स्पष्ट दिखाई देने लगा था...ट्रेन में चढ़ने की आपाधापी में सब व्यस्त हो गए...!