शनिवार, 17 सितंबर 2016

जीवन का रहस्य

              मेरे प्रिय मित्र श्री Rakesh Mishra जी की चिन्ता यही है कि, "पुस्तकीय पाठन में हम खुद के खूबसूरत पलों से अकसर दूर हो जाते हैं, विश्राम से परे हो जाते हैं..." और परिणामस्वरूप हम "खुद को पढ़ना...या...हम कहाँ से आए हैं! हमें कहाँ जाना है! और हम कौन हैं! पर सम्यक चिन्तन नहीं कर पाते हैं...." ऐसे प्रश्न, पहले भी हमें मथ चुके हैं, लेकिन, आज मित्र के प्रश्न ने मुझे कुछ कहने के लिए प्रेरित किया है...
           
           वाकई! यह प्रश्न मेरे लिए भी महत्वपूर्ण रहा है, मैं स्वयं अपने ब्लॉग "अकथ-मन" की टैग लाइन "आखिर, मेरे होने का मतलब क्या है!" लिख रखा है। यही नहीं मेरे लिखने की कोशिश भी तमाम ऐसे प्रश्नों का उत्तर खोजने का ही प्रयास होता है! इस लिखने की प्रक्रिया में, कभी-कभी ऐसे प्रश्नों का उत्तर पाने सम्बन्धी मेरे अपने विचारों की मौलिकता पर मुझे सन्देह होने लगता है, विचारों के दोहराव की आशंका बलवती हो जाती है। क्योंकि, कहीं का सीखा-पढ़ा विचार अवचेतन में घर किए रहता है और अवचेतन में घर किए यही विचार ऐसे प्रश्नों के उत्तर बन फूट पड़ते हैं। 
         
            वास्तव में! नए चिन्तन, नए विचारों के हम संवाहक कैसे बन सकते हैं, यहीं पर यह महत्वपूर्ण प्रश्न बन जाता है। फिर, प्रश्न खड़ा होता है, क्या पुस्तकें आत्मचिंतन की प्रक्रिया को बाधित करती हैं?मौलिक-विचार, आत्मचिंतन में ही उभरते हैं, और अपनी मौलिकता के लिए मैं भी पुस्तकें पढ़ने को तरजीह नहीं देता। इसीलिए किताबें पढ़ने में मेरी विशेष रुचि नहीं रही है। बल्कि मैंने, स्कूली पाठ्यक्रम या प्रतियोगी परीक्षाओं के दिनों में ही साहित्यिक पुस्तकें पढ़ी हैं, इधर के वर्षों में चार-छह किताबें ही पढ़ी हैं। वास्तव में, मुझे पुस्तकें पढ़ने की अपेक्षा आत्मचिंतन में अधिक आनंद आता है। शायद, आत्मचिंतन की प्रक्रिया में ही हमें अपनी मौलिकता से साक्षात्कार होता है, हम अपने को जान पाते हैं। यह जरूर होता है कि किताबें हमें सूचित करती हैं, और इस सूचना पर हम स्वयं को भी कस सकते हैं। 
           
              अगर हम काव्य या साहित्य की उत्पत्ति पर निगाह डालते हैं, तो इसके मूल में संवेदना की ही पृष्ठभूमि मिलती है। "यात्क्रौंच मिथुना" को देख, उनके हते जाने की पीड़ा से, प्रथम कवि की संवेदना मुखरित हुई तो, तमाम साहित्यकार अपनी संवेदनाओं के ही बल पर कालजयी रचनाओं के प्रणेता बने। यह सब आत्मचिंतन और तत्क्रम में आत्मबोध से ही उपजा रहा होगा। तब तो, किताबें भी नहीं छपा करती थी। वास्तव में, ज्ञान किताबों का मोहताज नहीं होता। अगर ऐसा होता तो, आज साहित्य और विज्ञान का भी अस्तित्व भी न होता। 
             
              हाँ, एक बात हम मान सकते हैं ; किताबों से हमें सूचनाएँ मिलती हैं, मतलब किताबें सूचनाओं की संवाहक होती हैं। इस रूप में किताबों का अपना एक अलग महत्व है। किताबें, सूचनाओं के माध्यम से संवेदनाएँ जगाने और संवेदनाओं से साक्षात्कार कराती हैं। जैसे, एक शहरी जीवन में रचे-बसे व्यक्ति को ग्राम्य-जीवन पर आधारित कोई उपन्यास पढ़ने को मिल जाए तो वह ग्राम्य-जीवन जिए बिना ही ग्राम्य-जीवन की अनुभूतियों का साक्षात्कार कर सकता है। किताबें बिजली के तार समान होती हैं जिनमें अनुभूतियों का करंट बहता है। एक बार बचपन में, बेसान्तर की जातक कथाएँ पढ़ते-पढ़ते मैं रोने लगा था। कहने का आशय यह कि किताबें, जो हम नहीं होते, हमें वह होने का एहसास दिलाती हैं, यही रस-निष्पत्ति भी है। ज्ञान भी और कुछ नहीं, अपनी अनुभूतियों का रसास्वादन है। तमाम तरह के साहित्य के अध्ययन से हमारी अनुभूतियों का भंडार समृद्ध होता है, कोई इस बात से सहमत हो या न हो, लेकिन मेरी अपनी मान्यता है कि ज्ञान हमें पारदर्शी भी बनाता है। हम पारदर्शी होकर ही स्वयं को जान सकते हैं, और इसके लिए हमें अनुभूतियों के व्यापक धरातल पर अवस्थित होना चाहिए। 
         
               हाँ, एक बात है, किसी कार्य के पीछे उद्देश्य भी निहित होता है। जैसे, कोई मनोरंजन के लिए, कोई समय बिताने के लिए, तो, कोई जो नहीं होता उसे जानने के लिए या फिर कोई इसलिए भी किताब पढ़ना चाहता है कि कैसे लिखा जाए, इसी प्रकार, कुछ लोग किताबें इसलिए भी पढ़ना चाहते हैं कि, किसी विषय पर कितने तरीके से सोचा जा सकता है! मतलब किताबें पढ़ते समय हम अपने पढ़ने के उद्देश्यानुसार ही अनुभूतियों से साक्षात्कार प्राप्त करते हैं। जैसे, हाल के दिनों में व्यंग्य-लेखन के सम्बन्ध में मेरी जिज्ञासा उठ खड़ी हुई है तो, जाहिर है हमें कुछ व्यंग्य की किताबें तो पढ़नी ही पड़ेंगी!  हाँ, अब "राग दरबारी" पढ़ने की इच्छा नहीं होगी क्योंकि इस उपन्यास के कथानक जैसे विषय-वस्तु की स्थितियों से पाठक बने बिना भी हमें साक्षात्कार होता रहता है तो, इसे पढ़ने का मन नहीं होता। एक जिज्ञासु-मन नई अनुभूतियों को ही पाना चाहता है। इस प्रकार हम कह सकते हैं कि पुस्तकें शायद इसीलिए भी पढ़ी जाती हैं और शायद इसीलिए नहीं भी पढ़ी जाती। मतलब हम जो हैं की अपेक्षा जो नहीं हैं उसे ही जानना चाहते हैं। यहाँ, इस सन्दर्भ में, हम कह सकते हैं कि पुस्तकें खूबसूरत पलों से भी साक्षात्कार कराने और स्वयं को पाने में सहायक होती हैं। 
             
                    लेकिन यह काम केवल किताब ही कर सकती है ऐसा भी मैं नहीं मानता। आत्म-साक्षात्कार के पल और अनुभूतियों को पुस्तकों को पढ़े बिना, हम अपने आसपास की चीजों का बोध करते हुए पा सकते हैं। कल की #दिनचर्या में, एक साधू का जीवन जीता व्यक्ति जब यह कहता है कि, "सधुअई बहुत कठिन चीज है" तो मतलब यही निकलता है कि अभी भी वह "सधुअई" के "फन" को नहीं समझ पाया है। उसे बोध नहीं है। वैसे ही, जीवन के "फन" को समझना पड़ता है। जो जीवन के "फन" को नहीं समझ पाता उसी के लिए जीवन रहस्यात्मक होता है। 
           
             आज सुबह! पहाड़ों के बीच के सुन्दर सरोवर को देखने पहुँच गया था, यहाँ सूर्योदय और वातावरण के खूबसूरत अहसास से भर गया। लगा जीवन में कोई रहस्य नहीं है, जीवन तो बहुत ही पारदर्शी है, इसे पढ़ने के लिए किसी किताब की जरूरत नहीं होती...किताबें तो अनुभूतियों के व्यापारी पढ़ते हैं या फिर सूचना के आग्रही। 
              हम कहाँ से आए हैं, हमें कहाँ जाना है या हम कौन है, जैसे प्रश्नों का इन अनुभूतियों के समक्ष कोई अर्थ नहीं....ये हरियाले पेड़..इन पेड़ों, झाड़ियों..झुरमुटों...से बहती हुई आती भींनी-भींनी खुशबू...ऊँचे-ऊँचे पहाड़ों पर खड़े पेड़..पत्तों-झाड़ियों पर उड़ती-मँडराती तितलियाँ..!
           
          हाँ...साथ में, पहाड़ों के बीच..सरोवर की जलराशि..! तैरती मछलियां..आहट पा इसमें कूद पड़ते मेढक..सरोवर में सूर्योदय के स्वागत में खिली कुमुदिनी..आसमान में उड़ते परिंदे...! सब कुछ तो पारदर्शी है..सहज और सुन्दर..! कुछ भी रहस्यात्मक नहीं..!! जो जैसा है वह वैसा ही बस अपने में बरत रहा है। शायद जीवन का भी यही उद्देश्य है। ये पेड़- पौधे, पत्तियाँ, तितलियाँ, उड़ते परिंदे..सरोवर की जलराशि...सूर्योदय...!!  ये हमसे, क्यों..कौन..कैसे, जैसे प्रश्न नहीं करते.! बस, अपने होने का एहसास जगाते रहते हैं....हम भी अपने होने का एहसास जगा पाएँ...यही हमारा परिचय है...हाँ, हमें कहीं नहीं जाना होता है! 
                       
                         आज मैंने यही सब विचार किया। 
           
                          चलते-चलते -
                          जीवन का रहस्य उसे बरतने और इसके एहसास में ही छिपा होता है! 
                   
                                                                                                                             --Vinay
                                                                                                                              #दिनचर्या 12/11.9.16

घास छीली

                हाँ, आज हमने जम कर घास छीली...। सुबह अलसाए हुए से थे, नहीं उठे, श्रीमती जी अकेले ही वाक पर निकल गई। चाय पीते-पीते आठ बज चुके होंगे...आज भी अखबार नहीं आया था। ध्यान आया बाहर घर के किनारे कुछ पेड़ लगाए हैं, वहाँ बड़ी-बड़ी घास उग आई है ; सो खुरपी लेकर आठ बजे से घास छीलना शुरू कर दिए। डेढ़ घंटे लगातार घास छीलते रहे। तब तक अच्छी खासी धूप हो आई थी। काम समाप्त कर उठे तो चक्कर सा आ गया फिर वहीं बैठ पाइप से जमकर चेहरे पर पानी का फव्वारा मारा। पूरी तरह भींग गए। जब राहत मिली तो घर में आए। प्यास लगी थी। श्रीमती जी लोटे में पानी और गुड़ का एक टुकड़ा देते हुए बोली, "लो अगर किसान होते तो ऐसे ही हल जोत कर आते तो गुड़-पानी देती"। खैर, गुड़ का टुकड़ा मुँह में डाल गटागट लोटे से ही पानी मैंने पिया।
               वैसे, यदि कोई कह दे कि वह किसानी करता है तो, उसे देखने वाले हेय दृष्टि से ही देखेंगे। 
          
              वास्तव में आज की #दिनचर्या कुछ ऐसे ही शुरू हुई थी। इसके बाद कुछ अन्य घरेलू कार्यों में लग गया था।
              कभी-कभी सहज होना बड़ा अच्छा लगता है। यह सहजता अपने में जीना है और यह "अपने में" सभी चीजों या परिवेश से जुड़ना होता है। जीवन में सहजता हमारे लिए दुर्लभ चीज बन चुकी है। लेकिन एक मिनट भी इस सहजता को जी कर देखेंगे तो बड़ा मजा आएगा! 
                 चलते-चलते -
             सहजता केवल घास छीलना भर नहीं होती...इससे आप पर्यावरण और परिवेश में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे होते हैं, जहाँ जीने की जगह बनती है। 
               इसी के साथ आज की राम-राम...

                                                                 --Vinay 
                                                                  #दिनचर्या 9/8.7.16

किताबें और नीली बत्ती

                कल मुझे लगता था कि आज की #दिनचर्या नहीं लिख पाएँगे!  कल ऐसा इसलिए कहा था कि केवल लिखने के लिए हम नहीं लिखेंगे और जब लिखने का मन तथा लिखने की परिस्थिति मिलेगी तभी लिखेंगे। हाँ, आज लिखने का मन भी हुआ और लिखने की परिस्थिति भी मिल गई। आज लखनऊ से महोबा ड्राइविंग करते हुए साथ में घर लिए हुए आया। साथ में, उनकी खुशी देख लिखने की हिम्मत आ गई और परिस्थिति भी मिल गई। सो, सोचा अब ऐसी परिस्थितियों में #दिनचर्या लिखने में क्या हर्ज! वैसे भी आज टोंका-टाकी नहीं होगी। 
                कल जब रावत साहब से मैं बात कर रहा था उसी समय बैंक से रिटायर्ड हुए एक हमारे पड़ोसी भी आ गए थे। बातों-बातों में उन्होंने हमसे पूँछ लिया आप अपनी गाड़ी में नीली बत्ती लगाते हो?  मैंने उन्हें बताया कि मेरा ड्राइवर मेरी सरकारी गाड़ी में नीली बत्ती लगाए रहता है। साथ ही मैंने यह भी कहा कुछ आवश्यक और संवेदनशील सेवाओं के लिए ही यह बत्ती अनुमन्य होती है। लेकिन, मैंने उन्हें यह नहीं बताया कि उस दिन लखनऊ आते समय मैं अपने निजी वाहन में नीली बत्ती लगा कर आया था। असल में महोबा से चलते समय मेरे सरकारी ड्राइवर ने एक पुरानी नीली बत्ती यह कहते हुए मेरे निजी कार पर लगा दिया कि रास्ते में कोई परेशानी नहीं होगी। खैर, उसकी बात सच साबित हुई थी। हाँ, निजी कार पर बत्ती लगाते समय मेरी नैतिक चेतना थोड़ी जागृत अवश्य हुई लेकिन इस चेतना को मैंने परे ढकेल दिया था। 
     
               आज भी महोबा लौटते समय इस नीली-बत्ती ने अपना पूरा दायित्व निभाया। महोबा क्षेत्र में हाल ही में जम कर हुई वर्षा से मैदान हरे-भरे दिखाई दे रहे हैं कास भी फूले हुए हैं,  दूर समूह में फूले हुए कास विशाल जलराशि का आभास देते दिखाई दे रहे थे। इन्हें देखकर श्रीमती जी ने एक कहावत सुनाते हुए मुझे बताया कि यह कहावत उन्होंने अपने दादी के मुँह से सुना था --
        
                               "बोलई गोह फूटई वन कासा, अब नाहीं बरखा की आशा।"
            जैसे मैं अपने दादाजी से बहुत प्रभावित रहा हूँ, वैसे ही श्रीमती जी अपनी दादी की बात करती हैं। खैर, मुझे यही पता था कि जब "कास बन फूले" मतलब यह शरद ॠतु के आगमन का संकेत है। 
            हाँ, एक बात और है, कल की दिनचर्या में कुछ बातें छूट (छूटी हुई बातों को अगले दिनचर्या में शामिल करने का सर्वाधिकार मेरे पास सुरक्षित रहेगा) गई थी, असल में कल मैंने बेमन से लिखा था, कल मैं हजरतगंज स्थित "यूनिवर्सल बुक स्टोर" गया था, बस ऐसे ही! यहाँ हमारे एक मित्र रणवीर सिंह चौहान की वह किताब दिखाई पड़ गई जिसे मैं पढ़ना चाहता था। असल में, मैं और रणवीर दोनों स्वास्थ्य-भवन में अपनी स. लेखाधिकारी की नौकरी एक साथ शुरू किए थे। बाद में वे उत्तराखंड पी.सी.एस में चयनित हुए और मैं उत्तर प्रदेश राज्य विकास सेवा में आ गया। वर्तमान में रणवीर भाई को आई.ए.एस. कैडर मिल चुका है। खैर.. उनकी किताब "स्याह, सफेद और स्लेटी भी" मैंने तुरंत ले ली। अब नौकरी में हम बहुत "सर..सर.." करते रहते हैं तो, अजय नावरिया की किताब "यस सर" जैसे शीर्षक से प्रभावित इस पुस्तक को भी खरीद लिए। इधर फेसबुक पर कुछ अधिक ही व्यंग्य-विधा पर चर्चाएँ पढ़ रहा हूँ तो, व्यंग्य के विद्यार्थी की तरह शरद जोशी की "घाव करे गम्भीर" और परसाई की "ऐसा भी सोचा जा सकता है" तो सोचने के चक्कर में खरीद लिया। इधर हाल के दिनों में फेसबुक पर श्री अनूप शुक्ल जी द्वारा ज्ञान चतुर्वेदी की पुस्तक की चर्चा "हम न मरब" काफी सुन चुका हूँ सो दिखाई पड़ने पर इसे भी खरीद लिया। अब साथ में श्रीमती जी की निगाह राही मासूम रजा की किताब "आधा गाँव" पर पड़ी सो उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए मुझे इस किताब को लेनी पड़ी, हालाँकि बहुत पहले किसी से माँग कर यह किताब मैं पढ़ चुका था। 
              काउंटर पर किताबों का दाम चुकाने के बाद मैंने इसके बारे में जब उन्हें बताया तो उनके चेहरे की रंगत देख लगा जैसे, मैंने कोई बुरा काम किया हो। 
         
           शायद, कल की बेमन की #दिनचर्या के पीछे का एक कारण यह भी रहा हो। वैसे, समय हर घाव भर देता है, तो आज किताबों के चुकाए मूल्य के बारे में हम यही फील कर रहे हैं। 
              हाँ..जैसे-जैसे इन किताबों को पढ़ते जाएंगे वैसे-वैसे यदि कोई हमारे हिसाब की बात हमें पता चलती है तो, आप मित्रों से भी शेयर करते रहेंगे। 
              शाम को आसपास के कुछ पहाड़ों पर चढ़ वहाँ पसरी हरियाली भी देख आए। श्रीमती जी ने कहा, "प्रकृति को अपने मूल स्वरूप में देखना ही ईश्वर दर्शन है"। मैंने मन ही मन सोचा, "जब धरती पर आदमी का साम्राज्य नहीं फैला रहा होगा तो धरती अपने मूल स्वरूप में ऐसी ही रही होगी।" खैर...
                पहाड़ के ऊपर बाबा गोरखनाथ की तपोस्थली की रक्षा करते हुए एक बाबा जी, जो दो साल पहले यहीं बाँदा से अपना घर छोड़ आए हैं और अपने घर से कोई मतलब नहीं रखते, ने कहा, "सधुअई बहुत कठिन चीज होती है।" यह सुन मैंने सोचा अपने फन के माहिर लोग ही अपना काम कर पाते होंगे। पहाड़ से नीचे आने पर पता चला कार के एक पहिए की हवा निकली हुई थी। पहिया बदला। पंचर बनवाने गया तो पता चला कोई पंचर नहीं है। श्रीमती जी ने कहा, "किसी ने शरारत की होगी।" मुझे भी यही बात समझ में आई। फिर हम दोनों महोबा के कीरत सागर पर पहुँचे। काफी देर तक इसके पानी में पैर लटकाए बैठे रहे। 
               हाँ, चलते-चलते एक बात कहना चाहते हैं -
        कभी-कभी, किसी बात की अच्छाई या बुराई पर बहुत नहीं सोचना चाहिए। 
                             --Vinay 
                             #दिनचर्या 11/10.9.16

जिन्दादिली

           वैसे, यह तो सब जानते हैं कि परिश्रम से अर्जित फल सभी को प्रिय होता है। कल पौधों के बीच से घास निकाला और आज चाय पीने के बाद फिर से इन पौधों के बीच खड़े इन्हें यूँ ही देखे जा रहा था। इस बीच कालोनी के ही एक रिटायर्ड कर्नल साहब, हाथ में बैडमिंटन का  रैकेट लिए हुए, जो उधर से ही गुजर रहे थे, मुझे देख मेरी तरफ मुड़ लिए। हाँ, उनकी उम्र यही कोई लगभग अस्सी पार हो चुकी होगी, पिछले जाड़े में इन्होंने अपनी शादी की पचासवीं सालगिरह मनाई थी। कर्नल साहब सुबह-शाम पास में ही पार्क में अपनी पत्नी के साथ टहलने भी जाते हैं और वहाँ बैडमिंटन भी खेलते हैं। 
              कर्नल साहब इस उम्र में भी भरपूर जिन्दादिल इंसान लगते हैं। वैसे भी, सेनावाले भले ही सेना में रहते हुए "डू एंड डाई" के अलावा और कुछ न जानते हों, लेकिन इस चक्कर में इनके अन्दर जिन्दादिली घर कर जाती है, जिसमें रिटायर्मेंट के बाद भी कोई कमी नहीं आती। तो, यही कर्नल साहब मुझसे बतियाने लगे थे। इस कालोनी में शायद सबसे पहले वही आकर बसे थे। कर्नल साहब ने ढेर सारी बातें की। ये गढ़वाली रावत हैं जो राजपूत होते हैं। अपने एक कुमाऊँनी साथी को लेकर बताया कि गढ़वाली भाषियों को कुमाऊँनी भाषा समझने में समस्या होती है। गढ़वाली लोग कुमाऊँनी को "मीन माइंडेड" भी मानते हैं। 
      
           बातों-बातों में कर्नल साहब ने बताया कि आजकल लोग खासकर ब्राह्मण और क्षत्रिय अपने-अपने कर्तव्यों को भूल गए हैं। कर्नल साहब ने पहाड़ों पर प्रचलित बकरे की बलि देने की प्रथा के बारे में बताया कि वहाँ ब्राह्मण इस बलि का प्रसाद ग्रहण करने में सबसे आगे रहते हैं और इस बलि में उनके हिस्से में गर्दन सहित बकरे का सिर और एक टांग आती है। मतलब सभी धर्मों की वही कहानी, हिंसा के लिए किसी एक धर्म को दोष नहीं दे सकते। इस तरह हमारे बीच काफी देर तक बातें हुईं। 
            आज भी यहाँ हाकर ने अखबार नहीं दिया था। टी.वी. से पता चला कि कॉमेडियन कपिल शर्मा कोई आरोप लगा रहे हैं। यहाँ तो क्या शहर, क्या गाँव सभी जगह यही कहानी है। गाँव वाला यदि अपनी अज्ञानता या गरीबी के कारण ऐसी स्थितियों का शिकार है तो एक सुविधा-भोगी पढ़ा लिखा शहरी इसलिए शिकार बनता है कि उसके पास समय नहीं है, और उसे भी अपना काम निपटाना होता है। यह रोग दोनों जगहों पर भयानक रूप से फैला है। 
          वैसे, आज का मेरी यह #दिनचर्या मैंने बड़े बेमन से लिखा है...लिखना नहीं चाहता था। सोच रहा हूँ जिस दिन लिखने का मन न हो उस दिन न लिखा करूँ...हाँ, शायद अगले दो दिनों तक न ही लिखूँ...!
          चलते-चलते -
        जो धर्म किसी को हिन्दू, किसी को मुसलमान, किसी को सिख या किसी को ईसाई बनाता है, वास्तव में वह धर्म नहीं होता। 
                 -- Vinay 
                 #दिनचर्या 10/9.9.16        

गुरुवार, 8 सितंबर 2016

परमीशन की आवश्यकता

                       जब कोई #दिनचर्या लिखने बैठे तो मान लीजिए वह #बतकचरा कर रहा है। ऐसे ही, मैं भी अपनी दिनचर्या लिखता हूँ। यह बतकचरा ही है। लेकिन दिनचर्या लिखना मेरे लिए इतना आसान नहीं है, जब दिन अपना न हो। जैसे, कोई सरकारी सम्पत्ति, सार्वजनिक ही होती है, ठीक वैसे ही परिवार के बीच में होने पर मैं भी सरकारी हो जाता हूँ, मुझपर मेरा कोई अधिकार नहीं रह जाता और ऐसा कोई भी दिन तब मेरा अपना नहीं रह जाता। हाँ, जब दिन हमारा होता है तभी मैं दिन की चर्या लिख पाता हूँ.. आज का दिन मेरा अपना नहीं है, इसलिए आज की चर्या भी मेरी अपनी नहीं है। अगर ऐसे दिन को मैं अपनी चर्या मान भी लूँ तो इसके लिए परमीशन की आवश्यकता होती है ठीक उसी तरह जैसे कोई सरकारी नौकरी में छुट्टी और कार्यस्थल छोड़ने की परमीशन की जरूरत होती है, नहीं तो आरोप झेलने पड़ जाते हैं। बस यही हाल हमारा घर में होता है। 
                   आज तो अखबार भी नहीं पढ़ पाए। यहाँ लखनऊ में हाकर चार-पाँच दिनों से हड़ताल पर हैं। तो, आज की मेरी दिनचर्या स्थगित जैसी ही रही। 
                    वैसे फेसबुक की वाल खंगालते हुए खाट लूट लेने का जिक्र कई जगह देखा। खाट ही क्यों, यहाँ ऐसी कोई चीज नहीं जिसकी लूट न हो! कभी साड़ी, तो कभी कुछ! अब खाट की लूट भी सामने आई है। बात यह कि इस देश की जनता को हमने यही कुछ तो दिया है, और वह भी वोटों की खातिर! लूटनेवाले भी ऐसी नीयत पहचानते हैं। बचपन की कहानियों में भी पढ़ा था -
                    "राजा, जब कोई चीज उछालता है तो प्रजा उसे लूटने को टूट पड़ती है। 
                      आज की #दिनचर्या समाप्त। 
                                                                 --Vinay 
                                                                 #दिनचर्या 8/7.9.16

खच्चर देखा!

               आज अभी तक की #दिनचर्या यात्रा भरी सामान्य रही। लेकिन और दिनों की अपेक्षा स्टेडियम में टहलने वालों की संख्या में वृद्धि दिखी, जैसे कुछ नए चेहरे भी अब इस टहलबाजी में सम्मिलित हो गए हों। हाँ, युवाओं की संख्या कुछ ज्यादै दिख रही थी। वैसे, आज टहलबाजों में मुझे उत्साह भी दिखाई दिया। जब मैंने स्टेडियम का एक चक्कर लगाया तो कार वाला ग्रुप भी आ गया था। उन्हें पार करते हुए मैंने उनकी प्रशंसात्मक अन्दाज में भारतीय विदेशनीति पर आपस में हो रही वार्ता सुनी..जैसे अब किसी नए ढर्रे पर यह नीति चल निकली हो।
               दूसरा चक्कर पूरा करते-करते मैंने देखा, एक अधेड़ टाइप के बुजुर्ग आधा बैठते और फिर खड़े हो जाते.. उनको देख दूसरी ओर निगाह फेरी...तो एक सज्जन पुशअप करते दिखाई दिए.. कुल मिलाकर स्टेडियम में चहल-पहल की अनुभूति हुई.. हालाँकि, अभी तक भानु-भाष्कर का लाव-लश्कर नजर नहीं आया था, लेकिन आने का संन्देशा धीरे-धीरे हो रहे उजाले से मिल चुका था। मैं, तीसरा चक्कर पूरा कर, अरुणोदय से पहले ही यहाँ से खिसक लेना चाहता था, सो तीसरा चक्कर पूरा होते ही मैदान से बाहर आ गया।
                स्टेडियम के गेट तक पहुँचा तो देखा, खच्चरों का झुण्ड स्टेडियम के गेट की ओर बढ़ा आ रहा था। शायद ये भी टहलबाजी के उत्साह में आ गए हों?  तभी मैंने देखा! झुंड के पीछे से एक खच्चर महाशय अचानक जैसे झुंड से असहमत होते हुए अकेले ही वापस मुड़ लिए...मैं थोड़ा अचंभित हुआ! पलट कर गेट की तरफ देखा, कोई हाथ में डंडा लिए झुंड को स्टेडियम के गेट से लौटा रहा था।
                  आगे बढ़ा तो कोई राम-राम कह रहा था.. वह वृद्ध मुझसे अपरिचित था..किसी को भी आते-जाते देख "राम-राम" करने की उसकी आदत सी है...उत्तर में मैंने भी राम-राम कहा..
                 आवास पर पहुँचते ही लान पर के खरपतवार को हटाने लगा। इस बीच आज रामकिशोर ने चाय बनाई। चाय पीने के बाद अखबार तो मैंने पढ़ा था लेकिन आज एक ही बात लिख पा रहे हैं - कल के शिक्षक दिवस पर फेसबुक वाल रंगे हुए दिखाई दे रहे थे, दैनिक जागरण की एक खबर के अनुसार एक शिक्षक महोदय ने अति उत्साह में एक छात्र की इतनी पिटाई कर दी कि छात्र के परिजनों को उन गुरूजी के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज करानी पड़ी। हाँ, आज इस अखबार को पढ़ने से एक अन्य तथ्य का ग्यान प्राप्त हुआ, वह यह कि, यदि कोई पिता अपने पुत्र को आत्मनिर्भर बनाना चाहता है तो उसकी तस्वीर के साथ वाली अपनी तस्वीर को निकाल पुत्र के तस्वीर को अकेला छोड़ देना चाहिए।
        
                     वैसे आज महोबा से लखनऊ तक की ड्राइविंग की। अगला दिनचर्या हमारे वश में नहीं है।

                      अन्त में, आज का "बतकचरा" समाप्त हुआ।
चलते-चलते -
       
       जो अपने ईश्वर की आलोचना नहीं सुन सकता वह अपने ईश्वर से बहुत दूर होता है।

             --Vinay 
             #दिनचर्या 7/6.9.8

उपदेश

         सुबह की ताजा मद्धिम हवाएँ मन में ताजगी का एहसास कराती हैं। आज सुबह कुछ ऐसी ही थी बहने वाली हवाएँ! 
        स्टेडियम से लौटते समय न जाने क्ध्यायों मेरी निगाह सड़क के किनारों के घरों पर ठहर गई। एक महाशय अभी भी अपने घर के बाहर चारपाई पर चद्दर तान कर सोए हुए थे। एक महिला जो शायद उस घर की मालकिन ही रही होंगी मकान के बाहर झाड़ू लगाने में व्यस्त थीं। 
      ऐसे ही आगे दो-तीन घरों के सामने उन घरों की औरतें झाड़ू लगाते दिखाई पड़ीं। यह दृश्य प्रतिदिन का है। जैसे घर की औरतों को ही घर के भीतर और बाहर की सफाई करने की जिम्मेदारी हो, यह होती भी है। यह हमारे घरों की भी कहानी है। पुरूषों के बारे में मेरा खयाल यह है कि वे किसी स्वच्छता अभियान में ही झाड़ू पकड़ते होंगे।  बेमतलब से खड़ी स्कार्पियो के एक पहिए पर ध्यान चला गया.. पहिया भींगा हुआ था..! ये कुत्ते चाहे लाख समझदार हो जाएँ मगर अपने स्थान और स्वभाव को नहीं छोड़ सकते..। हाँ, चलते हुए मैंने यही सोचा।
              आगे एक-दो जगह औरतें, दूसरे के घरों के बाउंड्री से लटके लताओं से पूजा के फूल  चुनते हुए दिखाई पड़ी। आखिर, सफाई के साथ ही पूजा की भी जिम्मेदारी तो घर की महिलाएं ही उठाती हैं। शायद, फूलों से लदे भगवान अच्छे लगते हों, या फिर पुष्प चढ़ाने से प्रसन्न हो जाते हैं। अकसर, गोष्ठियों में पुष्पाहार पहनते या पुष्पगुच्छ थामते मुस्कुराते महानुभावों के चेहरों को देख, भगवान के बारे में भी यही निष्कर्ष निकलता है..! 
        
               आवास पर पहुँचने पर , कुछ देर सुस्ताने के बाद प्राणायाम टाइप का कुछ करने लगे। असल में, कल शाम को न जाने क्यों सिर थोड़ा भारी सा हो गया था, फिर करीब आधे घंटे तक गहरी सांसें लेता रहा, तब कहीं जाकर सिर के भारीपने से मुक्ति मिला।हालाँकि, पहले इसके लिए मुझे दवा लेना होता था, लेकिन बाद में प्राणायाम, या कहिए गहरी श्वासों को करीब बीस-पच्चीस मिनट तक लेने और छोड़ने से राहत मिलने लगा। अब इसके लिए दवा नहीं लेता। मेरे लिए प्राणायाम बाबा रामदेव की देन नहीं, तब तो बाबा रामदेव चर्चा में भी नहीं आए थे, जब दादाजी को प्राणायाम करते हुए मैंने देखा था। इस प्राणायाम से निवृत्त हुए तो फेसबुक खोल कर बैठ गए और टीचर्स डे पर पिछले साल अपना ही लिखा "तुम कुछ नहीं कर पाओगे" शेयर किया। खैर...

                इसके बाद चाय बनाने के दौरान दूध ही फट गया, क्योंकि कल रात में इसे फ्रिज में नहीं रखा था, इसके लिए मेरा खाना बनाने वाला देवपाल दोषी नहीं था। बाटी-चोखे के निमन्त्रण के चक्कर में मैंने उसे कल रात का खाना बनाने से मना कर दिया था और देर रात लौटने पर दूध को फ्रिज में रखना भूल सो गया। दूध महाशय इसी बात से नाराज हो फट पड़े होंगे कि फ्रिज में क्यों नहीं रखा गया मुझे! खैर, मैं इस फटने-वटने को ज्यादे तूल नहीं दिया और दूधिए का इन्तजार करने लगा..। इसी बीच मेरे इस सरकारी आवास के छत से पुताई का एक बड़ा सा चप्पा जो चूने की पुताई में परत-दर-परत जमते चले जाने से भारी हो जाने और सीलन से, धरती के गुरुत्वाकर्षण के प्रभाव में, फर्श पर गिर पड़ा था, उसे मैंने झाड़ू उठाकर कमरे से बाहर कर दिया। 
                    इसके कुछ देर बाद ही दूधिया आया..चाय बनाई और मैंने चाय पी...फिर अखबार पढ़ना शुरू किए। 
       
                  लेकिन पहले कुछ कल की बातें आपसे शेयर कर लें। असल में कल #दिनचर्या को मैंने सुबह ही पोस्ट कर दी थी। इसके बाद श्रीमती जी का फोन आया था, कह रहीं थी कि "आज तीज है.. आपको पता है कि नहीं.." वाकई मुझे पता नहीं था। अकसर, तीज होने की याद वही दिलाती हैं.. खैर, यह घर का मामला है। 
  
                   तो कल हिन्दुस्तान की चर्चा नहीं किए थे, पहले इसी पर.. कल "कूटनीति के करतब और हम" में लेखक का यही मतलब था कि कूटनीति से "आनन-फानन में यह मान लेना कि इससे क्रांतिकारी परिवर्तन होने जा रहे हैं, अपने साथ ज्यादती होगी" और आज सम्पादकीय "किताबें लौट आई" में छपने वाले लेखकों के लिए खुशखबरी थी जो हम जैसों "ई-छपाई" वालों को लिए उत्साहजनक नहीं माना जा सकता।

                 आज दैनिक जागरण में, समाचारों से पहले संध्या त्रिपाठी की छपी कहानी "एनाकोंडा" पढ़ डाली। कहानी यथार्थपरक और वास्तविक प्रतीत हुई। काश! यह कहानी मात्र पाठकों तक ही न सीमित होती...! इस कहानी की अन्तिम लाईन "एक दृढ़ निश्चय के साथ वह अालू को कहानी सुनाने लगी..." एक राक्षस था.." ऐसे पीड़ित को राह दिखाती है। आलोक यादव की रचना "इक जरा सी चाह में" की पंक्तियाँ -
                          "इक जरा सी चाह में जिस रोज बिक जाता हूं मैं 
                           आईने के सामने उस दिन नहीं आता हूं मैं"

  मन को छू गई !
      
                दैनिक जागरण का सम्पादकीय "लोकतंत्र में बंदूक" माननीयों के रुतबे को लेकर था। शायद इस रुतबे का ही परिणाम "भारत में करोड़पतियों के कब्जे में है आधी से ज्यादा संपत्ति" में दिखाई पड़ा।
                   अंत में, आज की नौकरी के दौरान इस सूत्र-वाक्य से साक्षात्कार हुआ -
                   "यह बड़ा आदमी अपने से छोटे को ही पाप-पुन्य और धर्म-अधर्म का उपदेश देता है।"
        
                     --Vinay 
                     #दिनचर्या 6/5.9.16