बुधवार, 28 अक्टूबर 2015

ये शरारते और चटखारे लेते लोग

          सड़क मार्ग से गुजरते हुए दूरी बताने वाले पत्थर पर मेरी निगाह जा पड़ी उस मील के पत्थर पर लिखा था "गदहा" मतलब गदहा इतने किमी। वाकई इसे "मौदहा" लिखा होना चाहिए। लेकिन किसी शरारती ने मजा लेने के लिए इसमें "ौ" को मिटाकर तथा "म" को संशोधित कर "ग" बनाकर इसे "गदहा" कर दिया था। निश्चित रूप से उसे इस काम में मजा आया होगा।

          इसके बाद आगे चलते हुए मैंने देखा हाईवे के किनारे के एक स्कूल का संकेतक चुनावी पोस्टर से ढका दिखाई दिया। थोड़ा और आगे उस जेब्रा क्रासिंग के संकेतक पर भी एक चुनावी पोस्टर चस्पा कर उसे भी ढक दिया गया था जिस पर सड़क पार करते एक नन्हें बच्चे का चिह्न बच्चों की सड़क पार करने की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ही लगाया गया होता है। इसके आगे के कस्बे का तो मैं नाम ही नहीं जान पाया क्योंकि उस कस्बे के नाम के बड़े संकेतक बोर्ड पर किसी हाथ जोड़े नेता का चित्र चिपकाया गया था। इसी तरह किसी -किसी मोड़ के संकेतकों पर भी ऐसे पोस्टर चिपके हुए दिखाई दिए जिनके कारण सड़क किधर मुड़ रही है यह पता ही नहीं चल पाता था। रात में ड्राइवर बेचारों का क्या हाल होता होगा?
         एक बार तो मन हुआ कि इन सब की तस्वीरें लेते चलें लेकिन यह सोचते हुए कि कोई पत्रकार तो हूँ नहीं और नहीं लिया।

        निश्चित रूप से ये वे शरारतें हैं जो कानून का उल्लंघन तो करते ही हैं लेकिन इससे नागरिकों का जीवन भी खतरे में पड़ सकता है। अब ऐसी शरारतें जिससे कानून का उल्लंघन होता हो लोग कैसे कर जाते हैं? वास्तव में यही ऐसे छोटे-छोटे कारण हैं जो हमारे समाज के जाहिलपने के साथ हमारी कानूनी व्यवस्थाओं की भी पोल खोलते हैं और लोग शरारतें करने के लिए प्रोत्साहित होते रहते हैं।

             हमें उस संकेतक पर चुनावी प्रचार में हाथ जोड़े नेता का का पोस्टर देखकर टी.एन. शेषन की याद हो आई। मतलब यदि कानून का चाबुक चलने लगे तो कैसे बड़े-बड़े चुनावी प्रचार का जलसा भी एक सन्नाटे में बदल जाता था। शरारतों पर कोई कानून कैसे प्रभावी होता है यह शेषन से सीखा जा सकता है। लेकिन आज हम करते क्या हैं? केवल चिढ़ने-चिढ़ाने के खेल में मस्त हैं।

              आज हमारे समाज में ऐसी ही शरारतें हो रही हैं और हम शरारतों पर चटखारे लेते हैं! "मौदहा" का "गदहा" बन जाने का मजा लेते हैं। हम बोलते भी हैं तो एक दूसरे को चिढ़ाने के लिए और केवल अपनी टीआरपी रेटिंग बढ़ाने के लिए! और जब किसी शेषन के चुनने की नौबत आती है तो हम उसे हरा देते हैं।

             हमारी सोशल मीडिया के लोग इस चिढ़ने-चिढ़ाने के खेल में सबसे आगे है। ऐसे खेल स्वयं में शरारती होते हैं शायद इसी खेल में लिप्त रहने के कारण हम कानून कैसे काम करे इस बात को नेपथ्य में फेंककर एक और नेता का हाथ जोड़ा हुआ चुनावी पोस्टर किसी कानून के संकेतक पर फिर से चस्पा कर देने का अवसर प्रदान कर देते हैं।

        यहाँ बस इतना ही कहना है कि किसी की शरारतों पर चिढ़ने-चिढ़ाने वाले लोगों तुम भी इतिहास के किसी कूड़ेदान में फेंक दिए जाओगे। टीआरपी के खेल में मत उलझो। "कानून अपना काम करेगा" यह जुमला जिस दिन चल गया उस दिन न शरारतें होगी और न शरारती। समझे!


शनिवार, 10 अक्टूबर 2015

आखिर इनको किस तरह की कानूनी सहायता दी जाए...



           आज 10 अक्टूबर है यानी “विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस” इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण महोबा द्वारा जिला चिकित्सालय परिसर में मानसिक रूप से अक्षम व्यक्तियों के सहायतार्थ विधिक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया|
         
                विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम १९८७ की धारा १२ (डी) के अंतर्गत मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति निःशुल्क विधिक सहायता के अधिकारी हैं|वे स्वयं अथवा उनकी तरफ से उनके रिश्तेदार अथवा संरक्षक निःशुल्क विधिक सहायता के लिए प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं|
         
                   इस गोष्ठी में मुझे भी जाने का अवसर मिला| गोष्ठी में विभिन्न वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए-
       
                डाक्टर गुप्ता ने सर्वप्रथम मानसिक स्वास्थ्य के सम्बन्ध में प्रकाश डाला उनहोंने मेडिकल साइंस में प्रचलित रोगों के नाम का उल्लेख करते हुए इस पर प्रकाश डाला| लेकिन उनके वक्तव्य की एक बात मुझे याद रही| तीन प्रकार के स्वास्थ्य (1)मानसिक स्वास्थ्य, (2)शारीरिक स्वास्थ्य और (3)सामाजिक स्वास्थ्य बताते हुए कहा कि शारीरिक स्वास्थ्य तो दवाओं से ठीक हो सकता है लेकिन मानसिक स्वास्थ्य को ठीक रखने के लिए सामाजिक स्वास्थ्य को भी ठीक रखना होगा| डाक्टर साहब के कथन का आशय यह भी था कि एक खराब समाज भी व्यक्ति को मानसिक रोगी बना देता है|

              इसके बाद ए.एस.पी. साहब ने बताया कि जब हम निर्णय नहीं ले पाते तब हमारा मानसिक स्वास्थ्य खराब माना जाता है|
        
          मुझे भी इस गोष्ठी के अवसर पर कुछ बातें रखने के लिए कहा गया| मैंने भी कहा कि हमें ऐसे व्यक्तियों की पहचान करते हुए उनके साथ अपने व्यवहार को संवेदनशील बनाएं रखें क्योंकि कभी-कभी हमारा व्यवहार ऐसे व्यक्तियों को खराब मानसिक स्वास्थ्य से उबरने का मौका प्रदान करता है और फिर उनमें भी निर्णय लेने की क्षमता आ जाती है| मैंने उदाहरण के रूप में अपने बचपन की यह घटना सुनाई –एक बार हम तीन-चार बच्चे आपस में कुश्ती की प्रतियोगिता का खेल खेलने का निश्चय किए इस क्रम में एक बच्चा एक दूसरे बच्चे को बार-बार पटकनी दे रहा था लेकिन वह अपनी हार मानने के लिए तैयार नहीं हो रहा था और पुनः लड़ने के लिए तैयार हो जाता...फिर हमने उस बच्चे से हारना तय किया..और वह मिली इस जीत से खुश गया था| मैंने अपने वक्तव्य में यह भी बताया कि मानसिक रूप से कमजोर व्यक्तियों के भी विधिक अधिकार प्राप्त होते हैं तथा लोगों को मानसिक समस्या से पीड़ित व्यक्तियों के कानूनी और संवैधानिक अधिकारों का हनन न हो पाए इसके लिए जागरूक रहना चाहिए तथा आगे बढ़कर सहायता करनी चाहिए|  

               सी.एम.ओ. साहब ने कहा कि पागल किसी को नहीं कहना चाहिए| व्यक्ति की कुछ मानसिक समस्या हो सकती है, इसे समझना चाहिए|

              ए डी. जे. साहब ने भी इस गोष्ठी के औचित्य पर प्रकाश डालते हुए उन व्यवस्थाओं की चर्चा की जिनसे ऐसे व्यक्तियों को मदद मिल सकती है| उन्होंने यह भी बताया कि वास्तव में कभी-कभी मानसिक स्वास्थ्य व्यक्ति के लिए समस्या बन जाती है ऐसी स्थिति में व्यक्ति कुछ समझने के लिए तैयार ही नहीं होता इस सम्बन्ध में एक कहानी सुनाई...एक बार एक व्यक्ति ने कहा कि मैं मर गया हूँ, उसे लोग बार-बार समझाने का प्रयास कर रहे थे कि नहीं तुम जीवित हो लेकिन वह मानने के लिए तैयार ही नहीं हो रहा था...तब किसी ने कहा कि तुम्हारा शरीर गर्म है तुम जीवित हो इस पर वह बोला मेरा शरीर गर्म है तब तो मैं मर चुका हूँ..फिर किसी ने उसे सूई चुभो कर निकलते खून को दिखाते हुए कहा कि देखो जीवित के ही खून निकल सकता है इसलिए तुम जीवित हो इस पर उस व्यक्ति ने कहा कि मुझे खून निकल रहा है इसलिए मैं मर चुका हूँ...आशय यह कि वह किसी भी रूप में दूसरों की बात मानने के लिए तैयार ही नहीं हो रहा था ऐसे व्यक्तियों को समझाना भी कठिन होता है...


           गोष्ठी समाप्त हुई... मुझे लगा “मर चुके हैं” माननेवाले जैसे लोग अब अपने देश में बढ़ते जा रहे हैं उनपर किसी बात का असर नहीं होता यह सोचते ही मुझे अपने देश के सामजिक स्वास्थ्य की चिंता होने लगी..और अब तो राजनीतिक स्वास्थ्य भी गड़बड़ हो गया है...आखिर  इन सब इन सब का स्वास्थ्य कैसे सुधरे..? इनको किस तरह की कानूनी सहायता दी जाए..?    

मंगलवार, 8 सितंबर 2015

वृंदावन की उजड़ी गलियाँ

         आधी रात गुजर चुकी थी...अर्ध-निद्रित अवस्था में ही मैंने चलती बस की खिड़की से बाहर देखने का प्रयास किया... बाहर भादों की काली रात..! नहीं-नहीं..चाँदनी रात में भादों की सप्तमी का चाँद दिखाई दिया..! दूर पानी में इस चाँद की परछाई भी दिखी...तभी आभास हुआ कि किसी पुल के ऊपर से गुजर रहे हैं...इस समय हम यमुना नदी के पुल से गुजर रहे थे... हाँ ध्यान आ गया कल अष्टमी की रात होगी...कृष्ण जन्माष्टमी..!! सोचा ऐसे ही किसी भादों की अष्टमी की रात को नवजात कृष्ण को सूप में लिटाकर और इसे सिर पर ले वसुदेव ने इसी यमुना को पार किया होगा...तब घने बादलों से घिरी वह काली रात थी...और तो और...यमुना भी उस दिन अपने उफान पर थी तथा कृष्ण के पाँव के अँगूठे को छूकर ही मानी थी...

          मैं बस की खिड़की से ही इस रात के आकाश में बादलों को खोजने लगा...इस भादों की सप्तमी की रात में हमें बादल का कोई टुकड़ा नजर नहीं आया...हाँ आकाश में चाँदनी के साथ तारे भी छिटके दिखे...! सोचा कल जब जन्माष्टमी होगी तो निश्चित रूप से भादों की वह काली रात नहीं होगी... वृन्दावन के उस ग्वाले के लिए अब हम रेगिस्तान निर्मित करते जा रहे हैं.. अगर वह जन्म भी लेगा तो उसमें वे संवेदनाएं कहाँ से आएंगी...क्योंकि वृन्दावन की वे कुंज गलियाँ अब खो गई हैं...

          हमारे किए धरे पर प्रकृति भी हमसे रूठ चुकी है...आखिर भादों की यह चाँदनी रात क्या कहती है...!! कुछ लोगों के लिए यह एक नकारात्मक सोच से उपजा विचार लगा सकता है... लेकिन ऊपर के इस चित्र को देखिए...
          
          जब मैं यहाँ इस गाँव में पहुँचा तो महिलाओं के बीच आपस में पानी भरने को लेकर बतकही हो रही थी... बुन्देलखण्ड में महोबा का यह क्षेत्र अब सूखे से पीड़ित हो चला है.. महीनों से यहाँ ढंग से पानी नहीं बरसा है..खेत और तालाब दोनों सूख रहे हैं... आने वाला दिन यहाँ और भयावह हो सकता है...सूखे जैसी स्थिति बन रही है..!
          
         उधर कुछ दिनों पहले यमुना और बेतवा में बाढ़ की जलराशि और इसे यूँ ही बहता देख मन में एक लालच जाग जाता था कि काश..! इसे हम महोबा के सूखते तालाबों तक पहुँचा पाते...!! लेकिन आजादी के इतने सालों के बाद भी अपने किए-धरे पर शर्मिंदा होने का मन कर आया...!
         
        आखिर हम लोगों ने किया क्या..? हम अब तक एक लिफ्ट कैनाल की योजना भी नहीं बना पाए हैं कि इन नदियों के बाढ़ के दिनों की व्यर्थ होती जलराशि को इसके माध्यम से महोबा जैसे जनपद के तालाबों तक पहुँचा कर उसे भर सके...जो सूखे जैसे गाढ़े दिनों के लिए काम आए...और सूखते हैंडपंपों में भी जलस्रोत निकल पड़े...और तो और...हमने यहाँ खेतों की सिंचाई के लिए कोई भी ढंग का सिंचाई संसाधन विकसित नहीं कर पाए हैं...लेकिन बुंदेलखंड पैकेज में बड़ी-बड़ी कृषि-मंडियां जरुर बना दिए हैं....खेत तो सूखे हैं फिर इन कृषि-मंडियों का क्या काम...!
         
        यहाँ बस इतना ही कहना है कि उस नटखट कान्हा के लिए पहले हम वृन्दावन की वैसी ही कुंज गलियाँ बना दें फिर उसके जन्म का सोहर गाएं... ये रूठे बादल भी तब शायद हमसे खुश हो जाएं...                                

                        

शनिवार, 25 जुलाई 2015

मूँछों के नीचे मुस्कुराने का खेल…!

             यहाँ भ्रष्टाचार वहाँ भ्रष्टाचार.!  सर्वत्र भ्रष्टाचार…!! हाँ..इसे हम जानते हैं क्योंकि जैसा कि इसकी चर्चाएं भी आम हैं.…जैसे फलाना का फलाना बंद…फलाना बार-बार बाधित हुई.…फलाने का चिट्ठी बम…फर्जी फलाने चीज के जांच की माँग…फलाने में  हेराफेरी…फलाने का डेरा बना है फलाना कार्यालय…फलानी चीज के वितरण में धांधली…फलाने निर्माण में फलानों की लूट…गाँव-गाँव में फलाना मिटाओ आंदोलन…अब सोचिए जरा…! फलानी चीज इतनी आम है.…फिर भी यह रूक नहीं रही…!! जबकि सारे लोग इसे रोकने के लिए लगे है.…मैं तो बस इतना कहना चाहता हूँ यह सर्वव्यापी है..... ईश्वर प्रदत्त गुण है अब आप कहते रहिए इसे दुर्गुण…!

              अब आप जरा सोचिए....! सारे लोग इसके पीछे लगे हैं… यही नहीं....सभी यह भी जानते हैं कि यह कहाँ छुपा बैठा है…क्योंकि यह सर्वव्यापी होते हुए भी दृश्यमान है…लेकिन है यह पारदर्शी…! और हर दो के बीच यह पारदर्शी दीवार बनकर खड़ा हो जाता है…! फिर भी इसकी खोजाई-ढूढ़ाई का नाटक चालू है.... इसके चक्कर में जैसे देश का सारा काम ठप्प पड़ा है…यहाँ तक की संसद भी ठप्प है…!

             यह विचारणीय है कि इतना पारदर्शी और सर्वव्यापी होने के बाद भी इसे खोजने का नाटक चल रहा है...? शायद इसका कारण यही है कि इस पारदर्शी दीवार के आर-पार दोनों की नजरें इनायत होती हैं और फिर चलने लगता है मूँछों के नीचे मुस्कुराने का खेल....!! यह खेल होता है बड़ा रोचक…और हाँ…यह लुका-छिपी जैसा खेल भी नहीं है.…यह तो इस पारदर्शी दीवार के आर-पार एक दूसरे को देख मूँछों के नीचे मुस्कुराने का खेल है.....! और यह मूँछों के नीचे मुस्कुराने की प्रतियोगिता भी है जो एक दूसरे से बढ़-चढ़ कर होती है.…!! अब आप ही बताइए… इस देश का चाहे जो ठप्प कर दीजिए इस प्रतियोगिता के चक्कर में भला कोई इसे खोज पाएगा…? एक बात और है…! और वह यह कि हम्माम की बात अब पुरानी हो गई है वहाँ कोई एक दूसरे को देखकर कम से कम मुस्कुराता तो नहीं था…! लेकिन यहाँ तो एक दूसरे को देख सब जबदस्त तरीके से मुस्कुराए जा रहे हैं… वह भी ताव देने वाली मूँछों के नीचे....!!                

शनिवार, 18 जुलाई 2015

एक अदद 'न्यूज़' की तलाश में यह 'शो-मंडी'

      दिल्ली में मीनाक्षी की चाकुओं से गोदकर की गयी हत्या पर टी.वी. चैनलों पर बहस चल रही है|
       बहस के विषय शायद ये हैं..
१.      दिल्ली में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद ख़राब खासकर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर|
२.      दिल्ली में नागरिकों की सुरक्षा का उत्तरदायित्व किसका है केंद्र या राज्य..?
३.      हमारी पुलिसिंग प्रणाली कैसी है..?
४.      ऐसी आपराधिक घटनाओं को आँखों के सामने होते देखते हुए भी नागरिकों का मुंह मोड़ अनदेखी करना और पीड़ित व्यक्ति की सहायता के लिए आगे न आना|
    
         यहाँ लिखने का उद्देश्य उपरोक्त बिन्दुओं पर बहस करना नहीं है और न ही इसपर अपनी कोई राय रखना है|
         वैसे मैंने टी.वी. पर चल रही इन बहसों को पूरा नहीं देखा और देखने की इच्छा भी नहीं हुई| मीनाक्षी की सरेआम हत्या और इस पर अब चल रही बहस मात्र एक ‘न्यूज़’ बन रही थी अर्थात मीनाक्षी की हत्या की खबर के साथ ही इन बहसों में भी एक ‘न्यूज़’ की तलाश प्रतीत हो रही थी| ये बहस उद्वेलित करते हुए प्रतीत नहीं हो रहे थे बल्कि किसी बात या घटना पर एक राजनीतिक वाक्य ‘रोटी सेंकना’ जैसे ही प्रतीत हुए| शायद यही कारण है कि निर्भया काण्ड से लेकर आज तक हो रही इन तमाम घटनाओं पर इन ‘बहसों’ और ‘न्यूजों’ का कोई प्रभाव नहीं पड़ा चीजें वैसी ही अपनी भयावहता में चल रही हैं|

        हमारी मीडिया अपने को बहुत ‘बाँक-बहादुर’ मानती है और चीजों को ‘न्यूज़’ बनाकर उसी अंदाज में प्रस्तुत भी करती है| यह मीडिया वहीँ दिखाई देती है जहाँ उसे ‘किसी’ ‘न्यूज़’ का आभास होता है| यहाँ यह मीडिया कह सकती है भाई हम तो ‘न्यूज़’ तलाशने के लिए ही बने हैं वही तो कर रहे हैं| लेकिन मेरे भाई, फिर तो मेरा कहना है आप ‘चौथा खम्भा’ बनने का दंभ छोड़ दीजिये| दो साल पहले उस लड़की की माँ की ओर से पुलिस स्टेशन पर गुंडों की शिकायत की गयी थी लेकिन इस घटना में तब मीडिया को कोई ‘न्यूज़’ नजर नहीं आया होगा या मीडिया वहाँ तक पहुँची ही नहीं होगी| इसका कारण हो सकता है उसके अपने डर या पूर्वाग्रह हों और शायद इसी कारण पहले वह चीजों को होने देता है जब तक कि इसमें से कोई ‘न्यूज़’ निकलकर न आये और जब ‘न्यूज़’ निकल आता है तब सब “निर्भया” के स्तर पर पहुँच जाते हैं|  

       अगर आप मीडिया पर निगाह डालेंगे तो 90% से अधिक ‘न्यूज़’ केवल ‘राजनीतिक’ खबर भर होती है| यहाँ मार्मिक और दर्दनाक घटनाओं का प्रस्तुतीकरण भी ‘राजनीतिक’ हो जाता है| इस मीडिया की दृष्टि में इसका सामाजिक सरोकार जैसे इसके ‘राजनीतिक सरोकार’ से ही होकर गुजरता है|

       एक बात और है इस मीडिया ने दृश्य-मीडिया को एक “शो-मंडी” में तब्दील कर दिया है| यहाँ हर कोई ‘न्यूज़’ बन कर इस ‘शो-मंडी’ में आना चाह रहा है| इस ‘शो-मंडी’ का क्रेज पिछले दिनों एक टी.वी. शो देखकर मुझे पता चला| इस शो में दिखाया गया कि एक व्यक्ति खरीददारी कर अपने सामान के थैलों के साथ जैसे ही मॉल से बाहर आता है उसी समय एक अन्य व्यक्ति उसके सामानों से भरे थैलों को छीनकर वहीँ अपने पैरों से रौंद देता है, पहले तो व्यक्ति की प्रतिक्रिया गुस्सेवाली होती है लेकिन जब उसे बताया जाता है कि वह टी.वी. पर है तो वह बेहद खुश होकर रौंदने वाले के गले लग जाता है, इसी प्रकार अपनी गाड़ी के शीशों को तुड़वाकर भी व्यक्ति खुश हो जाता है| बात यहाँ मानसिकता की है; हम धीरे-धीरे ऐसा परिवेश बनाते जा रहे हैं जहाँ घटनाओं में ‘नैतिक मूल्य’ नदारत हैं| ऐसे में यह पुलिस चाहे जिसके नियंत्रण में रहे या इसकी चाहे जो प्रणाली हो इससे कोई फर्क नहीं पड़ता और भीड़ भी तो केवल ‘शो’ ही तलाशती है|

          बातें तो बहुत हैं लेकिन शो चालू आहे!      

शुक्रवार, 10 जुलाई 2015

हमारा ‘इज्म’ हमें बहकाकर हमारा ही शिकार करता है...

         
          अभी पिछले दिनों एक समाचार पर बरबस ध्यान चला गया था; वह यह कि मध्यप्रदेश में एक पति-पत्नी ने शर्म-वश आत्महत्या कर लिया क्योंकि स्वयं उनके निजी पलों का वीडियो जो स्वयं उन्हीं के द्वारा बनाया गया था उन्हीं की गलतियों के कारण वायरल हो गया था| इस समाचर ने मन को उद्वेलित करने के साथ दुःख और विक्षोभ से भी भर दिया| निश्चित रूप से पति-पत्नी द्वारा इस आत्महत्या का कारण उनके अपने निजी पलों के विडियो का वायरल होना नहीं रहा होगा अपितु इसके पीछे उस सामाजिक अवधारणा का दुष्प्रेरण रहा होगा जिसके कारण वे ऐसी स्थितियों का सामना नहीं कर पाए होंगे| यहाँ इस बात को समझना होगा कि चीजों के प्रति हम कैसी अवधारणाएँ बनाते हैं? जो हमें कुंद मनःस्थिति में धकेल सामाजिक या व्यक्तिगत विद्रूपताओं की एक अंधी सी गली में छोड़ देती हैं, जहाँ से निकल पाना बहुत ही दुष्कर होता है| यहाँ हम भूलते हैं कि जीवन का आनंद उसकी समग्रता में है; ईर्ष्या, द्वेष, काम, क्रोध, युद्ध, प्रेम, शान्ति जैसे भाविक तत्व जीवन की समग्रता के हिस्से हैं और जीवन इन सब में संतुलन का नाम है| हम जीवन को समस्याग्रस्त वहीँ बनाते हैं जब इस समग्रता के किसी एक तत्व पर ही ध्यान केन्द्रित कर देते हैं और यह ध्यानाकर्षण व्यक्ति तथा समाज दोनों स्तरों पर होता है|

         ‘खजुराहो’ जैसे शब्द को सुन मन में कैसी अवधारणाएँ बनती हैं? निश्चित रूप से इसे अश्लीलता का पर्यायवाची मान लिया गया है; यहाँ तक कि हम अपने बड़ों के सामने इस शब्द के उच्चारण से भी बचना चाहते हैं| शायद निजी पलों के वायरल होने पर उस दंपति की आत्महत्या के पीछे कुछ ऐसी ही सामाजिक अवधारणा का दुष्प्रभाव पड़ा होगा|

         हजारों वर्ष पूर्व के भारतीयों का जीवन के प्रति एक व्यापक दृष्टिकोंण रखने वाली उस मानसिकता का क्षरण इस स्तर पर पहुँच गया है कि खजुराहो जैसे भारतीय स्थापत्य-कला के इस बेजोड़ नमूने से स्वयं हम भारतीय आज भी अपरिचित से हैं| आश्चर्य है; जहाँ की कला के अवलोकन हेतु विदेशियों के लिए हवाई-सेवा से उस स्थल को हम जोड़ते हैं वहीँ अपने लिए इसकी चर्चा बस थोड़े से सामान्य ज्ञान की सीमा तक करते हुए मौन हो जाते हैं| शायद इस स्थापत्य-कला के कई पक्षों में से एक पक्ष इसकी मिथुन-मूर्तियों से, हमने अपनी नैतिकता को इस तरह से समन्वित कर लिया है कि इस सम्बन्ध में हमारा विमर्श नैतिकता और बौद्धिकता की अंधी गलियों में खो जाता है| जीवन में जब हम किसी एक ही भाव पर केन्द्रित होते हैं तो फिर इसका कोई न कोई पक्ष कमजोर होने लगता है; यहाँ तक कि चीजों के प्रति ‘नैतिक’ और ‘अनैतिक’ जैसा हमारा दृष्टिकोंण भी अपने ‘अति’ में स्वयं उन्हीं चीजों को नैतिक और अनैतिक नहीं रहने देता; यह तब होता है जब हमारी दृष्टि से ‘समग्रता का भाव’ ओझल हो जाता है|

         यहीं पर एक कहानी याद आती है; राजा नृग को एक मृग के बच्चे से बहुत प्रेम हो गया था वह रात-दिन उसी की सेवा-सुश्रुषा में खोए रहते थे, उस मृग के बच्चे के प्रति उन्हें इतना लगाव हो गया था कि अपने परिवेश के प्रति वह अनजान से हो गए| इसी एक भाव से लिपटे रहने के कारण एक बार घर आये कुछ ऋषियों की वे उपेक्षा कर बैठे, उन ऋषियों ने राजा को शाप दिया कि ‘जिस मृग के कारण वे उनकी उपेक्षा करने के लिए विवश हुए उसी मृग के रूप को प्राप्त होंगे” अंत में राजा नृग मृत्यु के बाद मृग-योनि में जन्म लिए| यहाँ हम देख सकते हैं कि मृग के बच्चे से राजा का प्रेम अनैतिक नहीं था बल्कि राजा का यह एक नैतिक कृत्य ही था लेकिन फिर भी एकांगी ही था, इसीलिए राजा को शापित होना पड़ा|    

         पिछले दिनों के खजुराहो भ्रमण में जीवन के इसी ‘समग्रता सम्बन्धी भाविक-तत्व’ से परिचित हुए; सच में यह जीवन बड़े ही सहज ढंग से प्रकृति के अवदानों से ही ‘भौतिक’ और ‘भाविक तत्वों’ को ग्रहण कर आत्मनियंत्रित होता रहता है| खजुराहो के मंदिरों का स्थापत्य और इन मंदिरों की दीवालों के पत्थरों पर तराशी गयी मूर्तियाँ भारतीय स्थापत्य कला के अद्भुत नमूने तो हैं ही, लेकिन इनका दर्शन एक अलग दर्शनानुभूति कराता है| खजुराहो का यह स्थापत्य भारतीय जीवन-दर्शन के चारों प्रमुख स्तंभों अर्थात धर्म, अर्थ, काम, मोक्ष का श्रेष्ठतम कलात्मक अभिव्यक्ति होने के साथ ही एक संतुलित जीवन-दर्शन की अर्थवत्ता ग्रहण किए हुए है| खजुराहो के मंदिरों की इस कलात्मक अभिव्यक्ति का अवलोकन करते समय जब मेरे सहकर्मी ने मुझसे सकुचाते हुए कहा, “सर, इन्हें केवल कला की दृष्टि से ही देखना चाहिए...” तो इस पर मैंने ध्यान नहीं दिया क्योंकि तब तक इसे मैं भारतीय जीवन-दर्शन की अभिव्यक्ति मान चुका था| मेरे एक सहकर्मी का इस तरह सकुचाते हुए सलाह देना खजुराहो की प्रचारित ‘अश्लीलता’ को लेकर था| लेकिन मैंने इन्हें देखते हुए अनुभव किया कि जब एक पूर्ण दृष्टि खजुराहो के स्थापत्य पर पड़ती है तो अश्लीलता का लेश-मात्र भी दर्शन नहीं होता बल्कि अपनी सम्पूर्णता में यहाँ का स्थापत्य जीवंतता की अनुभूति कराता है| इसे देखते हुए मेरे मन में यही कौंधा कि जीवन एक समन्वित दृष्टि का ही नाम है; और इस समन्वय में ही आनंदानुभूति है|
    
          खजुराहो के मन्दिरों को निहारते हुए मैंने देखा कि यहाँ की लगभग सभी मूर्तियाँ को खण्डित करने का प्रयास किया गया था| इन खंडित मूर्तियों के सम्बन्ध में एक स्थानीय व्यक्ति जो मेरे ही साथ चल रहा था उसने बताया, “औरंगजेब ने अपने सैनिकों को इन मंदिरों को पूर्णतया नष्ट करने का आदेश दिया था, सैनिकों ने उसके आदेश का पालन करना शुरू किया तो उन्हें आभास हुआ कि यहाँ की कलाकृतियाँ सर्वश्रेष्ठ हैं और दुबारा ऐसी कलाकृतियों को निर्मित किया जाना संभव नहीं होगा तब सैनिकों ने यहाँ के मंदिरों को पूर्ण रूप से नष्ट करने से इनकार कर दिया| इसके बाद औरंगजेब ने मूर्तियों को खंडित करने का आदेश दिया और इस प्रकार ये मंदिर पूर्णरूप से नष्ट होने से बच गए तथा केवल मूर्तियों को ही आंशिक रूप से क्षति पहुँचाई गयी|” खजुराहो के मंदिरों की मूर्तियों को औरंगजेब या उसके पहले के किसी अन्य आक्रांता ने क्षति पहुँचाई हो लेकिन मुझे यह एक प्रकार की हिंसा ही प्रतीत हुई क्योंकि ऐसा करके जीवन्तता को क्षति पहुँचाई गयी थी जिसकी भरपायी होना असंभव था| वास्तव में जो समाज जीवन की सर्वांगीर्णता को समझता है वह हिंसक नहीं होता, समाज या व्यक्ति के स्तर पर हिंसा जैसी वृत्ति की उत्पत्ति का कारण एक समग्र-दृष्टि का खंडित होना ही होता है|
        
         एक वृहद् जीवन-दृष्टि वाला व्यक्ति ही कलाकार हो सकता है और यह कलाकार हिंसक नहीं होता| अपने इसी विचार के साथ ही चंदेल कालीन उन कलाकारों की मनःस्थितियों को टटोलने का मैंने मन ही मन प्रयास किया जिसकी प्रेरणाओं के कारण खजुराहो के ये बेजोड़ नमूने आकार ग्रहण कर सके| चंदेलकालीन वे शिल्पी अपनी सूक्ष्म अंतर्दृष्टि के साथ छेनी और हथौड़े से जीवन की कलात्मकता को अभिव्यक्ति प्रदान किए| निश्चित रूप से वे शिल्पी जिन्होंने खजुराहो को गढ़ा पाखंडी नहीं रहे होंगे, तभी तो बिना लाग-लपेट के यहाँ का स्थापत्य जीवन के विविध रूपों को अंगीकृत करते हुए एक समन्वित-दृष्टि के साथ उसे उस आध्यात्मिकता की ओर ले जाते हुए दिखाई देता है जो ‘जियो और जीने दो’ का सन्देश देते हुए मानव-जीवन में असीम शान्ति का मार्ग प्रशस्त करता है| शायद यही कारण है कि जिस खजुराहो को हम अश्लीलता का पर्यायवाची मान बैठे हैं वहीँ पर महावीर का जैन मंदिर भी अवस्थित है जो उसी शैली में निर्मित है| वास्तव में जीवन को जब हम समन्वित दृष्टिकोंण के साथ देखते हैं तो न तो इसमें अश्लीलता होती है और न ही हिंसा का स्थान होता है; शायद खजुराहो के मंदिरों के साथ निर्मित जैन मंदिर इसी तथ्य की ओर संकेत करता है|

        यहाँ हम समझ सकते हैं कि पति-पत्नी द्वारा शर्म-वश आत्महत्या करना, कहानी में राजा नृग की मनोदशा, आक्रांताओं द्वारा खजुराहो के स्थापत्य को क्षति पहुँचाना और यहाँ तक कि खजुराहो को अश्लीलता का पर्याय समझ लेना एकांगी दृष्टिकोंण का परिणाम हैं| इसी एकांगी दृष्टिकोंण के कारण समाज या व्यक्ति में एक तरह का ‘इज्म’ विकसित होता चला जाता है|

         अपने-अपने ‘इज्म’ का मुझे ध्यान तब आया जब किसी ने मुझसे कहा कि ‘आज हम ऐसी कलाकृतियाँ नहीं गढ़ सकते..!’ उसी समय मैंने उससे कहा, “नहीं आज तो हम हवाई जहाज से लेकर न जाने क्या-क्या बना रहे हैं ये भी तो आज की ही कलाकृतियाँ है..!” यह कहते ही मेरा ध्यान इस पर गया कि खजुराहो की कलाकृतियाँ तो भारतीयों की ही देन है लेकिन आज का यह सारा वैज्ञानिक प्रगति इसमें भारतीयों की सोच का कितना योगदान है? शायद न के बराबर..! इसका कारण यही है कि शुरुवाती भारतीय सभ्यता किसी ‘इज्म’ का शिकार नहीं थी लेकिन समय बदलने के साथ ही हम अपने-अपने ‘इज्म’ के शिकार होते चले गए और एक कुंद मनःस्थिति में पहुँच गए जिसमें किसी वैज्ञानिक सोच का स्थान नहीं होता और जिसका परिणाम यही हो सकता है कि हम ऐसी महान कलाकृतियाँ नहीं गढ़ सकते|

          वास्तव में कुछ का ‘इज्म’ खजुराहो के मंदिरों में भी किसी न किसी तरह का ‘इज्म’ खोज लेगा लेकिन खजुराहो की स्थापत्य-कला जीवन-सापेक्ष होते हुए स्वयं के जीने और दूसरों को जीने देने की प्रेरणा देती है तथा यहाँ की कला किसी को अपने ‘इज्म’ का शिकार नहीं बनाती जबकि हमारा ‘इज्म’ हमें बहकाता है और हमारा ही शिकार करता है|
                    

                               -----------------------विनय   

मंगलवार, 23 जून 2015

"एसो ही हतो चन्द्रावल..!"

         एक थी चन्द्रावल...! हाँ महोबा में चन्द्रावल नाम की कोई एक सुन्दर राजकुमारी हुआ करती थी...कहते हैं आल्हा-ऊदल और पृथ्वीराज चौहान की सेनाओं के बीच उसे लेकर युद्ध हुआ था...बताते हैं कि पृथ्वीराज चौहान चंद्रावल को हासिल करना चाहता था..आल्हा-ऊदल चन्द्रावल की रक्षा के लिए बहादुरी से लड़ते हुए पराजित हुए और यहाँ के लोगों के लिए आल्हा-ऊदल आज भी अमर होकर जीवित हैं, हाँ चंद्रावल पृथ्वीराज के हाथ नहीं आई थी...! दो पहाड़ों के बीच स्थित उस मैदान को दिखाते हुए बताया मुझे गया कि इसी स्थान पर वह युद्ध हुआ था...! इस जनश्रुति के अनुसार चन्द्रावल तो पृथ्वीराज को नहीं मिली थी लेकिन उसी स्थान से निकली एक नदी के रूप में चन्द्रावल आज भी अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रही है...जो एक वास्तविकता है....चन्द्रावल नदी...!!
          
       इस जनश्रुति को सुन बचपन में सुनी गयी एक कहानी याद आई...इस कहानी में भी एक राजकुमारी अपना अस्तित्व बचाने के लिए भागती जाती है...और...भागते-भागते नदी बनते हुए गायब होती जाती है तथा अंत में लोगों के बीच कल-कल सी प्रवाहित होने वाली नदी बन गई..! अपनी इस बचपन की सुनी कहानी को जब मैंने साथ चलते लोगों को सुनाई...तो मुझे सुनाई पड़ा, “हाँ साब...एसो ही हतो चन्द्रावल..” खैर....

              कभी की खेलती खिलखिलाती चन्द्रावल आज नदी के रूप में भी अपने अस्तित्व की लड़ाई में बेवश है...चन्द्रावल के खिलखिलाने का कारण उसके आस-पास का परिवेश रहा होगा...उसके अक्षत यौवन की रक्षा स्वाभाविक रूप से स्वतः उसी परिवेश के कारण होता रहा होगा...लेकिन आज हमने उस परिवेश को भी अपनी उद्दाम लालसाओं के कारण नष्ट-भ्रष्ट कर डाला है...सच में परिवेश या पर्यावरण ही किसी के अस्तित्व को बचाए रख सकता है, यह परिवेश भी कृतिम न होकर स्वाभाविक रूप से प्रस्फुटित होता रहता है..! हमने इसी परिवेश को छिन्न-भिन्न कर दिया है...इसकी स्वाभाविकता को मार दिया है...इसे तार-तार कर दिया है..! फिर कैसे यहाँ चन्द्रावल सुरक्षित रहेगी...? हाँ इस परिवेश या पर्यावरण की स्वाभाविकता को बनाए बिना चंद्रावल की रक्षा नहीं की जा सकती अन्यथा सारे प्रयास व्यर्थ के ढोंग सिद्ध होंगे...
       
         बताते हैं यह चंद्रावल नदी कभी सदानीरा थी...लेकिन जैसे-जैसे जनसंख्या बढ़ी उसी अनुपात में लोगों की लालसाएँ भी बढ़ती गयी...प्रकृति के बनाए गए गड्ढों को पाटकर तथा पेड़ों को काटकर खेत बनाए गए...हमारी खेती प्रभावित न हो इसलिए स्वाभाविक रूप से संचित वर्षाजल को हमने नाले खोदकर उसमें बहा दिए...नाले भी बनाए तो मात्र जल निकासी के दृष्टिकोण से ही...! पंद्रह दिन भी नहीं बीतता कि बारिश से जलमग्न हुआ क्षेत्र जलविहीन दिखाई देने लगता है, कृतिम तालाबों को भी हम स्वाभाविक आकार नहीं दे पा रहे हैं मात्र खुदी मिटटी का मापांकन ही जैसे हमारा उद्देश्य हो...हमारी लालसा इन तालाबों पर भी भारी पड़ रही है...आखिर जल एकत्रीकरण कहाँ हो...? बाँध भी बनाया तो उसी नदी के जल को रोककर..उस नदी में जल कहाँ से आये जैसे हम इस उद्देश्य को ही भूल से गए...! फिर कैसे होगी चन्द्रावल सदानीरा...?
        
        क्या नदी की तलहटी खोद देने से ही यह नदी सदानीरा बन जाएगी...? मतलब हम बचे-खुचे भूजल को भी बहा देना चाहते है...! उस दिन मैं जंगल में पेड़ गिनते-गिनते धसान नदी को देखने की इच्छा ले उसके किनारे पहुँच गया था...नदी के इस तरफ महोबा जनपद और उस तरफ झाँसी जनपद की सीमा मिलती है...वहाँ नदी का किनारा घने हरे-भरे पेड़-पौधों और झुरमुटों से भरा पड़ा था उसी के मध्य हमें कल-कल बहता हुआ एक झरना दिखाया गया...एक-दम निर्मल और बेहद शीतल जल..! यह अदृश्य से भू-श्रोतों से निकल ढलान से होते हुए नदी में जाकर मिल रहा था...हाँ जैसे दो ट्यूबवेलों का एक साथ पानी बह रहा हो...! इसी तरह इस जल-श्रोत से ही कुछ दूरी पर एक और झरना था...हो सकता है ऐसे ही अन्य जल-श्रोत भी नदी में मिल रहे हों...ये झरने धसान नदी को सदानीरा बना रहे थे...इस दृश्य को देख मुझे बचपन में अपनी रिश्तेदारियों में आते-जाते सई नदी में मिलने वाले नाले याद आ गए...कई बार मैंने मई-जून के महीनों में इन नालों की तलहटियों में पानी देखे थे...! हाँ...इन नालों में पतली सी धार भी बहते हुए मैंने देखा था...एक बार मैं इस बहते पानी का श्रोत जानने की जिज्ञासा में इसके पास पहुँचा...वहाँ कोई श्रोत तो नहीं था फिर भी नाले की तलहटी में एक पतली सी धारा प्रवाहित हो रही थी..मैं आश्चर्य में था कि यह जल-धारा कहाँ से आई...! जब ध्यान दिया तो देखा नाले की तलहटी पानी से चुहचुहाये हुए थे...मैंने उसपर अपनी हथेली रखी तो मेरी हथेली भींग गई...जैसे उस भूमि से पानी रिस रहा हो...और ऐसा था भी...! नाले में यह स्थिति गहराई बढ़ने के साथ बढती गयी थी और यही रिसता पानी उस नाले में एक पतली धारा का रूप ले लिया था...शायद ऐसे ही नाले सई को उस समय सदानीरा बनाए हुए थे...
       
                                                      (चित्र में धसान नदी के तट पर मैं )

               लेकिन आज हो क्या रहा है...भू-जल स्तर नदी, नालों की तलहटी से भी निचले स्तर पर पहुँच गया है कोई झरना, कोई झीर इनमें कैसे फूटेगा..? यहाँ धसान तो काफी गहरी थी और वह क्षेत्र भी भूजल के मामले में ठीक ही था..तो वह झरना दिखाई दे गया...लेकिन महोबा जैसे जिले के अन्य भागों में यह स्थित नहीं है...यहाँ का भू-जल इतने नीचे है कि कम से कम चन्द्रावल के उद्गम पर कोई झीर फूटना असंभव सा है...पहले तो हमें यहाँ ऐसे कई तालाबों का उद्धार करना होगा जिसमें वर्षा का जल पर्याप्त रूप से संचित हो सके...एक बात और है आज हम वर्षा-जल संचयन के लिए जितने गड्ढे खोदते हैं उससे कई गुना भूमि समतल भी कर देते हैं मतलब गड्ढा खोदने और समतलीकरण का अनुपात बराबर...! बल्कि आज समतलीकरण ही अधिक हो रहा है, आखिर...इस समतलीकरण से वर्षा-जल कहाँ संचित होगा..! पहले तो प्राकृतिक रूप से बने गड्ढों में भी जल संचयन हो जाता था...लेकिन आज समतलीकरण (शहरीकृत खेतिहर समाज) के इस दौर में जमीन के नीचे का जल स्तर कैसे बढ़ेगा...? और तो और...हमने पेड़ भी काट डाले हैं...जमीन कैसे नम रहेगी...?
       
        इस नदी की गहराई बढ़ाना भी इस समस्या का समाधान नहीं है...मैंने अपने मित्र की एक बात मजाक मान हँसी में उड़ा दी थी.. ‘यार ये बताओं ये तालाब खोदने से भू-जल स्तर कैसे बढेगा...?’ उनके इस प्रश्न पर मैंने उत्तर दिया था, ‘इसमें बरसात का पानी इकठ्ठा होगा जिससे जमीन में पानी का लेवल बढेगा’ लेकिन उनका उत्तर था, ‘नहीं यार अब तो वर्षा भी कम होती है तिस पर हम गड्ढे खोदकर जमीन की नमी को भी उड़ा देंगे...इससे तो भू-जल स्तर और नीचे चला जाएगा...!” इस पर मैं हँस तो पड़ा था लेकिन इस बात में भी एक वास्तविकता थी..मतलब हमें नमी बचाने के लिए इस स्तर तक सोचना होगा....
       
         हाँ..हमे फिर से एक स्वाभाविक परिवेश बनाना होगा जिससे चन्द्रावल का आँचल हरा-भरा हो और इसके हरियाले आँचल के झुरमुटो के बीच कोई झीर फूट पड़े तथा साथ ही चन्द्रावल की सूखी तलहटी पानी से चुहचुहा पड़े...एक धारा बन फिर से यह दौड़ पड़े..!
        
(चित्र में चंद्रावल के उद्गम क्षेत्र में 'जलपुरुष' श्री राजेंद्र सिंह जी..और जनपद महोबा के उच्चाधिकारीगण)

        
         
     
      
      अंत में एक नदी बलिदानों से ही बनती है...हमें अपनी उद्दाम लालसाओं पर काबू पाना होगा तभी चन्द्रावल अठखेलियाँ भारती हुई पुनर्जीवित होगी...!