गुरुवार, 12 मई 2016

ऐसे पत्थरों का विकल्प तलाशें....

             हाँ, महोबा के गाँवों की ओर जब हम निहारते हैं तो पहाड़ों की तलहटी में कोई न कोई गाँव बसा हुआ दिखाई दे जाता है। या इसे हम इस प्रकार कह सकते हैं - महोबा जनपद के अधिकाँश गाँव पहाड़ों के ठीक नीचे ही बसे हैं! आखिर ऐसा क्यों है? इन गांवों का भ्रमण करते समय मैंने पाया है कि गांवों का पहाड़ों के नीचे बसने का एक खास कारण रहा है। ये गाँव ठीक पहाड़ों के नीचे की जिस भूमि पर बसे हुए होते हैं उस क्षेत्र की भूमि अन्य स्थानों की अपेक्षा नीची होती है जबकि जैसे-जैसे पहाड़ों से दूर जाते हैं भूमि ऊँची होती जाती है और गाँव से दूर पठार जैसा दृश्य उपस्थित करता है हालाँकि वह पठार जैसा नहीं होता लेकिन भू-जल की दृष्टि से कठिन होता है। जबकि पहाड़ के ठीक नीचे के जिस भू-भाग पर ये गाँव बसे होते हैं वहाँ का भू-सतह अासपास के स्थान से नीचा होने के कारण यहाँ के ग्रामीणों के लिए भू-जल प्राप्त करना आसान होता है तथा इसी कारण इस स्थान पर पर्याप्त मात्रा में हरियाली भी होती है।

              यहाँ इस तथ्य का उल्लेख करना समीचीन होगा कि वर्षाकाल में इन पहाड़ों पर पड़ने वाली बारिश की बूँदें धीरे-धीरे पहाड़ के पत्थरों की दरारों और रन्ध्रों से होते हुए भू-जल को समृद्ध करता रहता है। यही कारण है, ठीक पहाड़ों के नीचे की भूमि नम और वहाँ भू-जल तथा हरियाली की उपलब्धता वर्षाकाल के बाद भी बनी रहती है। शायद इसी कारण से महोबा के लगभग सभी पहाड़ों के नीचे गाँव बसे हुए हैं। 

            हम देख सकते हैं कि महोबा जैसे जनपद के लिए इन पहाड़ों की बेहद उपयोगिता है। वास्तव में महोबा भारत के उस भू-भाग पर बसा है जहाँ मानसूनी हवाओं का प्रभाव काफी कम रहता है और यहाँ पर्याप्त मात्रा में बारिश भी नहीं होती। लेकिन यहाँ के पहाड़ वर्षा जल-संचयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। क्योंकि जो कुछ वर्षा होती है ये पहाड़ इसे अपने दरारों-रन्ध्रों के माध्यम से धीरे-धीरे संचित करते रहते हैं। और यहाँ इन पहाड़ों के आसपास ही जिन्दगी बसती है। 

            लेकिन दुख है ! पत्थर की खदानों से इन पहाड़ों के लिए अस्तित्व का संकट उत्पन्न हो चुका है। पहाड़ के पहाड़ गायब हो रहे हैं। इसी के साथ प्राकृतिक रूप से स्वतः जल-संचयन की प्रक्रिया भी प्रभावित हुई है। समय आ गया है, अब हमें ऐसे खदानों और पत्थरों का विकल्प तलाशना होगा। 
                                                                                                                     --विनय कुमार तिवारी 

सोमवार, 9 मई 2016

ये धर्म के आडम्बरी

        वैसे यह हमारी अपनी बात है (अपवाद भी मैं स्वीकार करता हूँ), कि ‘धर्म का आडम्बर’ व्यक्ति को क्रूर भी बनाता है, या फिर क्रूर व्यक्ति ही धर्म का आडम्बर करता है; क्योंकि ऐसे व्यक्ति की संवेदनाएँ कुंठित हो गई होती है| ऐसे व्यक्ति को अपनी क्रूरता का एहसास भी रहता है लेकिन अपने इस मनोभाव को परिमार्जित करने के स्थान पर ये लोग धार्मिक आडम्बर के साए में ही आत्मसंतोष की अनुभूति प्राप्त करते रहते हैं तथा स्वयं की नज़रों में हीनग्रंथि के शिकार ऐसे लोग दूसरों की नज़रों में अपना सम्मान तलाश करते हैं; ऐसी मेरी व्यक्तिगत मान्यता रही है..! खैर...
          अभी उस दिन पत्नी से जब मैं कुछ ऐसी ही चर्चा कर रहा था तो उन्हें अपने बचपन की एक घटना याद आ गई..उनकी बताई इस घटना को आपसे भी साझा करने का मेरा मन हो गया है...तो लीजिए....
          हाँ तो, श्रीमती जी ने बताया कि वो उस समय आठ-दस साल की रही होंगी..उनकी ‘मावा’ यानी कि उनकी आजी ने उनसे और उनके जैसे बच्चों के सामने एक घटना का वर्णन किया था...असल में उनके घर में एक ‘पंडित जी’ आते थे..उस घर में पंडित जी की ‘पंडिताई’ का जबर्दस्त आभामंडल था...एक तरह से महात्मा का दर्जा प्राप्त थे...और ‘आजी’ उन्हीं पंडित जी का गुणगान बच्चों के सामने कर रही थी..
          पंडित जी एक दिन घर आए हुए थे...लगभग सुबह का समय रहा होगा पंडित जी दुवारे अर्धनिद्रित अवस्था में लेटे हुए थे, उन्हें अपने चारपाई के सिरहाने किसी जानवर की आहट मिली..बस आव देखा न ताव सिरहाने पर ही चारपाई से टिका कर रखी हुई लाठी को उठाया और उस जानवर पर एक जोरदार प्रहार किया..बस वह बेचारा जानवर लाठी की चोट खाकर जमीन पर गिर पड़ा..इसके बाद पंडित जी की आँख खुली और आँख मलते हुए उन्होंने देखा तो उनके होश उड़ गए तथा जोर से बोले, “राम..राम..मैंने तो कुत्ता समझकर इसे मारा था, यह तो बछिया है..हे भगवान् यह मैंने क्या किया..?” फिर पंडित जी घर में से गंगाजल मंगवाकर वहीँ जमीन पर गिरी बछिया के पास ही बैठ गए और गंगाजल के छींटे पर छींटे उस बछिया के शरीर पर मारने लगे तथा साथ में संस्कृत में मंत्रोच्चार भी करते जा रहे थे...कुछ क्षणों के बाद बछिया को होश आ गया था और वह उठकर खड़ी हो गई...
         पत्नी की इतनी बात सुन मैंने पूंछा, “इतने बचपन में सुनी हुई यह साधारण सी घटना तुम्हें अब तक क्यों याद रही..?” पत्नी ने कहा, “बात यह थी कि मावा इसे पंडित जी के महात्म्य से जोड़कर उनका बखान भी किए जा रही थी कि पंडित जी बड़े दयालु और परोपकारी तथा बहुत पहुँचे हुए थे कि बछिया उनसे जीवनदान पाकर जी उठी थी लेकिन उस समय पंडित जी के इस महात्म्य-वर्णन पर मैं मन ही मन सोच रही थी कि पंडित जी जब इतने ही दयालु और महात्मा थे तो उसे कुत्ता ही समझ कर क्यों मारा? किसी भी जीव के प्रति उनके मन में दया क्यों नहीं आई..क्या वह कुत्ता जीव नहीं था और उसके ऊपर भी दया नहीं करनी चाहिए थी? और तत्क्षण मन में उठे इन्हीं विचारों के कारण मावा की यह चर्चा मुझे आजतक नहीं भूली..”
          पत्नी से हुई इस वार्ता के बाद धार्मिक आडम्बरों के प्रति मेरी उक्त धारणा और पुष्ट हुई, यह भी कि चाहे ‘पंडित’ हों या फिर ‘मुल्ला’ हों, ऐसे व्यक्ति संवेदनाओं का सामान्यीकरण नहीं कर पाते...इनकी दृष्टि इनकी ‘पोथी’ तक ही सीमित रहती है तथा इनके स्वरचित ‘आभामंडल’ से धर्मभीरु साधारण जन भ्रमित होता रहता है, एक हद तक इसे हम ‘क्रूरता’ मानते हैं|

                                 ------------------

मंगलवार, 26 अप्रैल 2016

भाई मेरे मैं किसी 'इज्म' को लेकर नहीं चलता...

भाई आप चाहे जिस विचारधारा के माननेवाले हों आप से मित्रता में मुझे कोई हिचक नहीं होगी..लेकिन किसी कोरे 'इज्म' से मित्रता स्वीकार करने में मुझे बेशक हिचक होती है...अकसर मैंने देखा है; कोई भी विचारधारा जब 'वाद' का स्वरूप ग्रहण करती है तो सबसे पहले उस विचारधारा को ही महती क्षति पहुंचती है, जिसका 'वाद' बनता है..! इतिहास भी इस बात का गवाह है...
 वैसे तो मैंने देखा है 'मनुस्मृति' एक राज्यविहीन सामाजिक जीवन को आत्मनियंत्रित करनेवाला दस्तावेज है..लेकिन 'मनुवाद' ने अपने सामाजिकों को एक कमरे में बंदकर बाहर से सांकल चढ़ा दिया..और अन्दर ही अन्दर जातिवाद की ऐसी दीवार खड़ी हुई कि इस दीवार को गिराना आधुनिक राज्य व्यवस्था के भी वश के बाहर की बात हो गई है...हाँ इसमें किसी 'स्मृति' का दोष नहीं, दोष तो इसमें निहित विचार के 'वाद' बन जाने का है..और जब कोई विचार 'वाद' बन जाता है तो उसके सारे तर्क इस 'वाद' को स्थापित करने के लिए ही होते है...ऐसे में शायद ही किसी 'वाद' से समाज को कोई दिशा मिल पाए..?
एक बात है और है...किसी 'विचार' से तो लड़ा जा सकता है लेकिन 'वाद' से लड़ना असंभव सा होता है..क्योंकि 'विचार' के परिमार्जित होते जाने की संभावना भी इस 'विचार' में ही निहित होती है जबकि 'वाद' में 'आक्रामकता' का भाव होता है जिसकी प्रवृत्ति 'संहारक' की होती है अर्थात स्वयं को ही स्थापित करने की होती है...
अभी पिछले दिनों किसी विद्वान् मित्र की फेसबुक की एक पोस्ट में ही पढ़ा था कि यह हमारा 'हिन्दुइज्म' न जाने कैसा है किसी एक पर तो टिकता ही नहीं...हम किसे अपना 'धर्म' कहें..? वैसे इस सम्बन्ध में मेरा मानना है कि आज के 'मजहबों के आपसी टंटे' में 'पार्टीबंदी' जैसा मनोभाव बनने लगता है कि हम भी अपनी पार्टी के साथ खड़ा होने का सुख लूटें लेकिन अफसोस कि इस 'हिन्दुइज्म' में 'इज्म' को नाहक ही जोड़ दिया गया जबकि हम किसी एक पर तो टिक ही नहीं सकते..हमारे ऐसे संस्कार ही नहीं हैं..हम तो सभी संस्कारों, विचारों को सम्मान देते हुए अपने भी विचार रखते आए हैं...हाँ हम 'विचारों' के व्यापारी भी नहीं रहे हैं; हम अपनी मानते हैं और आप अपनी मानते रहो..मुझे कोई समस्या नहीं..कम से कम इस 'भूमि' से इतने संस्कार तो हमें मिले ही है..यही मेरा 'धर्म' है, और मैं किसी भी 'इज्म' या 'मजहब' को नहीं मानता.. ऐसे में हम किसी 'वाद' को अपना मित्र नहीं बना सकते....

सोमवार, 11 अप्रैल 2016

एक ‘बागड़बिल्ले’ की ‘बागड़पन' जैसी बातें

       उस दिन मैंने एक ‘बागड़बिल्ले’ से बस ऐसे ही पूँछ लिया था, “क्या सम्राट अशोक या अकबर महान थे..?
     
       ‘बागड़बिल्ले’ ने कुछ क्षण सोचा और मुझे जवाब दिया, “नहीं ये लोग तिकड़मी थे..!”
       
       बात मेरे समझ में नहीं आई..मैं उत्सुकता से ‘बागड़बिल्ले’ की ओर देखने लगा था और बागड़बिल्ला मेरी उत्सुकता भाँपते हुए बोला, “देखिए महानता जैसी कोई चीज नहीं होती..और अगर होती भी है तो यह तिकड़म से ही अर्जित की जाती होगी..मतलब ‘महानता’ एक प्रकार की ‘कूटनीति’ ही है...”
      
       बागड़बिल्ले की ‘महानता’ पर इस नए ‘दर्शन’ से मैं थोड़ा अचंभित सा हुआ और साथ में ‘बतरस’ की अनुभूति भी हुई..! सो मैंने वार्ता को आगे बढाते हुए पूँछा, “तो...अशोक...और अकबर..” हाँ अभी मैं अपने इस वाक्य के आगे बस यही जोड़ने वाला था कि “महान नहीं थे?” उसके पहले ही ‘बागड़बिल्ला’ बोल उठा, “हाँ..हाँ..अकबर और अशोक महान नहीं थे..!! केवल कूटनीतिक थे..राज करने के लिए तिकड़म भिड़ाए थे..!”
      
       बागड़बिल्ले की इस बात को मैं कहाँ मानने वाला था....सोचा.. “कल का यह लौंडा हमें महानता का दर्शन सिखा रहा है..?” और मैं कह उठा, “क्यों नहीं महान थे..? इतिहास तुमने पढ़ा भी है या बस ऐसे ही बके जा रहे हो..?”
     
       ‘बागड़बिल्ला’ ने मुझे देखा और हँस पड़ा..हाँ, उसकी हँसी मुझे बहुत नागवार गुजरी..जैसे उसने मुझे अल्पज्ञानी समझते हुए कहा हो, “ऐसा है..अशोक ने लाखों लोगों को युद्ध में मार दिया था..उस समय का जनमानस उससे बेहद नाराज था..लोग उसे सत्ता से बेदखल कर देना चाहते थे..लेकिन उसे शासन करना था..लोगों का आक्रोश शांत करने के लिए ही उसने ‘बौद्ध धर्म’ अंगीकार किया था...और अकबर..! उसे भी भारत पर पर राज करना था, ऐसे में ‘महानता’ की कूटनीति के बिना यह संभव न होता..”
       
       “फिर तो महात्मा गांधी के बारे में भी तुम्हारा कुछ ऐसा ही ख़याल होगा..? बागड़बिल्ला से महात्मा गांधी की ‘महात्मापने’ को खतरे में डाल कर जैसे मैंने पूँछा हो|
       
        बागड़बिल्ला मुस्कुराया “देखिए, मान लीजिये एक साधारण इंसान गांधी जैसा ही काम करता है, तो क्या लोग उसे महात्मा कहेंगे...? नहीं न, ‘महात्मा’ बनने के लिए आपको ‘कूटनीतिक’ भी बनना पड़ेगा..! हाँ, ‘महात्मा-वहात्मा’ जैसी कोई चीज होती भी नही...और अगर होती भी हो तो सिवा ‘तिकड़मगीरी’ के यह कुछ नहीं है...यह ‘महानता’ तिकड़म से ही अर्जित होती है..! और किसी ‘तिकड़म’ को आप महानता मानोगे..?”

       
        मैं अब एकदम चुप था, सोचा, “चलो मान लेते हैं कि ‘महानता’ ‘तिकड़मगीरी’ ही है..लेकिन ‘बागड़बिल्ला’ की बात से इतना तो सिद्ध होता ही है कि ये ‘तिकड़मबाज महान लोग’ अपने समकालीन व्यक्तियों से आगे की सोच रहे होंगे” और ‘बागड़बिल्ले’ की ‘बागड़पन-बात’ सुन मन ही मन मुस्कुरा उठा.... 

गुरुवार, 7 अप्रैल 2016

हिन्दुस्तानियों का अहम् मसला

           सामाजिक जीवन में जिस व्यक्ति से हम ईर्ष्या, द्वेष या प्रतिद्वंद्विता का भाव रखते हैं जब वह व्यक्ति किसी समस्या या परेशानी में पड़ता है तो हम खूब चटखारे के साथ मजे ले-लेकर उसकी चर्चा करते है..आज केंद्र सरकार के आलोचक विभिन्न विवादित मुद्दों पर यही कर रहे हैं| खैर..
            अभी-अभी ताजा-ताजा मामला कश्मीर में NIT का है| यहाँ तिरंगा फहराने से लेकर ‘भारत माता की जय’ बोलने तक की तुलना शेष भारत की ऐसी ही घटनाओं से नहीं किया जा सकता| किसी देश में युद्धकाल में जो नीतियाँ उसके नागरिकों के लिए जायज है वही शांतिकाल में नाजायज मानी जा सकती है अर्थात शांतिकाल में अनायास तोप और गोले लेकर चलना या चलाना नाजायज है तो यही युद्धकाल में जायज हो जाता है...कश्मीर में तिरंगा फहरे या भारत माता की जय बोला जाए इस पर बखेड़ा नहीं होना चाहिए...सभी हिन्दुस्तानियों के लिए यह एक अहम् और जायज मसला है|
             किसी देश के इतिहास में कुछ वर्षों का कोई मोल नहीं होता कि इसके आधार पर हम उस देश की दशा और दिशा तय करने लगें, लेकिन यह दुर्भाग्य है कि यहाँ के बुद्धिवादी या सेक्युलरवादी कुछ बातों-घटनाओं का विश्लेषण इसे देश का नियति-निर्धारक मानकर करते हैं...
           हाँ एक बात और है, कश्मीर में किसी चुनी हुई सरकार का काम न करना भारत नामक राष्ट्र की एकता के लिए उचित नहीं माना जाएगा और अगर ऐसा होता है तो ‘कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है’ भारत का यह दावा भी कमजोर माना जा सकता है तथा इससे अलगाववादियों का ही मन्तव्य पूरा होता| इसलिए कश्मीर में सरकार का गठन एक व्यापक परिपेक्ष्य में राष्ट्रीय हित के महत्त्व का विषय है, और NIT जैसी घटनाओं का आधार लेकर इसकी आलोचना नहीं हो सकती|

वैसे मित्रों, किस मुँह से हम भारत माता की जय बोलें...?

वैसे मित्रों लिखना तो नहीं चाहता था क्योंकि इस पर चर्चा करने से उन्हीं का उल्लू सीधा होगा और हम नाहक ही उनके ही प्लान का हिस्सा बन जाएंगे| खैर होने दीजिए उनकी रणनीति का हिस्सा, पर हमें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता और हम ‘भारत माता की जय’ पर थोड़ा बहुत तो लिखेंगे ही, आखिर मन जो नहीं मान रहा है...

इसी के साथ हम अपनी एक बात बता रहे हैं; जब कोई स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस या ऐसे ही किसी राष्ट्रीय महत्त्व के अवसर पर ‘भारत माता की जय’ का नारा लगवाता है तो मैं थोड़ा असहज हो उठता हूँ..क्यों..? यह तो मुझे नहीं पता, लेकिन इतना जरूर होता है कि मैं ‘भारत माता की जय’ बोलना तो दूर इस नारे को बुदबुदाता भी नहीं..! कहीं बहुत गहराई से मेरे लिए यह नारा बहुत बनावटी और कृत्रिमता लिए होता है, जैसे मैं यह बोलकर अपनी माँ को धोखा दे रहा होऊं..! या यह नारा लगाने वाले लोग मुझसे अपने हिस्से की आजादी की छिनैती करना चाहते हैं, ठीक वैसे ही जैसे यही नारा लगा लगा कर आजादी के दीवानों ने अंग्रेजों से आजादी छीन ली थी...इसीलिए तब मैं चुपकर रह जाता हूँ...हो सकता है मैं देशद्रोही होऊं!! हाँ मैंने वास्तव में माँ को धोखा दिया है..| आजादी का सारा सुख तो हम जैसे लोगों ने ही लूट लिया हैं..और उनके हिस्से में 'भारत माता की जय' दे दिया है...फिर किस मुँह से हम भारत माता की जय' बोल पायेंगे ? खैर..
आप तो जानते ही होंगे एक बार गांधी जी ने कहा था कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद राजनीतिक पार्टी के रूप में कांग्रेस को समाप्त कर देना चाहिए..अब ऐसा उन्होंने क्यों कहा होगा इस पर आप चिंतन करिए, मैं तो इसी फार्मूले पर मानता हूँ कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद ‘वन्दे मातरम्’, ‘भारत माता की जय’, ‘इंकलाब जिंदाबाद’ जैसे नारों का अब कोई औचित्य नहीं..! इन नारों को हमें भूल जाना चाहिए| क्यों..?

क्योंकि ये आजादी की लड़ाई के हथियार थे..जब लड़ाई ख़तम तो फिर हथियारों का क्या काम..? आखिर ऐसे नारों को अब किसके विरुद्ध बोला जाए...? अंग्रेज तो चले गए! अच्छा चालिए मान लेते हैं आपके अंतस में देशभक्ति की भावना हिलोरे ले रही है..और बिन इन नारों के बोले आप अपनी इस भावना को अभिव्यक्त नहीं कर पायेंगे, तो यह भी मान लीजिए कम से कम आप ऐसे नारे लगाने का हक खो चुकें हैं..आखिर क्यों खोया है आपने अपना यह हक़..?
भाई मेरे इसलिए खोया है कि आप बहुत ऊँचे पायदान पर पहुँच चुके हैं..हाँ अपने देशवासियों को भूलकर..!! क्योंकि आपने उन्हें वहीँ छोड़ रखा है जहाँ से सभी ने साथ-साथ शुरुआत की थी..लेकिन आपने उनके हिस्से की आजादी को डकार लिया है, और आजादी के बाद आप सरपट दौड़े लेकिन देश नहीं दौड़ा..वे बेचारे आप के साथी नहीं दौड़े..!! यदि सब एक साथ दौड़े होते तो मेरे एक मित्र Rakesh Kr Pandey ji ऐसा न लिखते..

महँगाई व्यभिचार बढ़ा हैं, भौतिक भ्रष्टाचार बढ़ा हैं-
दीन-दुखी कु-विचार बढ़ा हैं, केवल अत्याचार बढ़ा है-
संविधान अधिकार बढ़ा हैं, उल्लंधन आचार बढ़ा हैं-
कथनी-करनी भेद बढ़ा हैं, अवसर वादी न्याय बढ़ा हैं-
सामन्ती अब भेष बदलकर, सत्ता अब भी पाये हैं-
नित्य नया नव-वाद खड़ा कर, जनता को भरमाये हैं-
अजगर जैसे भरकर कुण्डली, कुर्सी को हथियाये हैं-
कभी किसान वणिक व्यापारी, हितकर दलित कहाये हैं-
सत्ता पाते भूल सभी को, निज सामन्ती रूप दिखाये हैं-
बाँट-बाँट कर जन मानस को,हित साधक बनते आये हैं-
पर दुख हैं हम भारत वासी, अब भी समझ न पाये हैं-
कुटिल चाल-चारे में इनके, मछली से फँसते आये हैं-
सुनों सपूतो भारत माँ के, अदभुत भारत देश हमारा-
शस्त्र-शास्त्र विज्ञान विशद हैं, पुरा काल से न्यारा-
ऋषियों मुनियों सब विद्वत जन को, यहीं मिली हैं धारा-
अखिल लोक ब्रहमाण्ड देव को, भारत में मिला सहारा-......क्रमशः...
राकेश कुमार पाण्डेय

इसीलिए आप द्वारा निगली हुई आजादी को उगलवाने के लिए ‘भारत माता की जय’ तो उन बेचारों को ही बोलना था..लेकिन बोल आप रहे हैं..आप गजब के चालाक व्यक्ति हैं..कर दिया न ‘भारत माता की जय’ के दो फाड़...!! हो सकता था पुनः इन नारों के बल पर वे एकजुट होकर अंग्रेजों के बाद आप द्वारा हथिया ली गई उस आजादी को आप से मुक्त करा लेते...लेकिन....अब इन बेचारों के हिस्से की निगली हुई आजादी को कौन उगलवा पाएगा? आखिर यह ‘भारत माता’ जो बंट गई, फूट डाल दिया गया..!

और अब मेरा डर भी निकल गया है..कम से कम ‘भारत माता की जय’ बोलकर मुझे कोई शर्मशार तो नहीं करेगा और ऐसे समय की असहजता से भी मुझे मुक्ति मिली! हाँ, तमाम लोगों की छीनी हुई आजादी से लकदक करता मैं ऊँचे पायदान पर निडर खड़ा हुआ मन ही मन अपनी कुटिल चालाकी पर मुस्कुराए जा रहा हूँ... ‘भारत माता की जय’..!

हमारी "बदहवास आक्रामक मनोवृत्ति"

             उस दिन बस की एक सीट पर बैठे तीन लोगों में से दो लोग जिनकी उम्र में भी कम से कम पन्द्रह वर्षों का अन्तर रहा होगा बिना एक दूसरे का लिहाज किए आपस में झगड़ रहे थे। उनकी तेज आवाजें सुन कुछ लोग उन्हें शान्त भी कराने लगे थे। हालाँकि वे दोनों एक दूसरे को देख लेने के साथ हाथापाई जैसी मुद्रा में भी आ गए थे। वे दोनों किसी तरह शान्त हुए। उनकी सीट के ठीक पीछे वाली सीट पर बैठे हुए मैंने कारण पूँछा तो एक ने बताया कि एक दूसरे से शरीर छू जाने से यह सारा विवाद हुआ था। 
             मुझे ध्यान आया कि बस में यात्रा करते समय जब कभी बगल में बैठा व्यक्ति जाने-अनजाने अपने नींद के झोंके में मेरे कंधे से टकराता है तो बुरा लगते हुए भी उसकी नींद में खलल न पड़े मेरा हिलना भी मुश्किल हो जाता है। खैर..
            इतनी सी बात पर आपस में इन्हें ऐसे झगड़ते देख मुझे किंचित आश्चर्य भी हुआ। आखिर हम "बदहवास आक्रामक मनोवृत्ति" के शिकार क्यों होते जा रहे हैं? हमारे आसपास घट रही ऐसी ही घटनाएँ हमारी मनोवृत्तियों के क्रूर होते जाने की व्याख्या करती प्रतीत होती हैं। यह अखलाक या डाक्टर नारंग या फिर चलती ट्रेन की खिड़की से लटकाकर पीटने जैसी घटनाओं के साथ दिन ब दिन बढ़ती ही जा रही है।
           वास्तव में आज का विकासक्रम हमारी "संहारक मनोवृत्तियों" का ही परिणाम है, यह एक तरह का "व्यक्तिश: साम्राज्यवादी मनोवृत्ति" है, जहाँ एक-दूसरे का सम्मान उनके आपसी हितपोषक होने की सीमा तक ही सुरक्षित माना जा सकता है। ऐसे में एक-दूसरे से शरीर छू जाना या बिना पूँछे किसी की बोतल का पानी पी जाना या हमारी इच्छाओं का सम्मान न करने वाला जैसे सभी कृत्य हमें हमारे "व्यक्तिश: साम्राज्य" को संकुचित करते प्रतीत होते हैं और फिर तो हमें आक्रामक होना ही होता है। और हमारा यह साम्राज्यवाद बिना क्रूरता के फल-फूल भी नहीं सकता।
          हमारा आज का बौद्धिक समाज ऐसी घटनाओं का विश्लेषण भी बहुत ही सतही तरीके से करता है। और यह व्याख्या असरकारी भी नहीं है क्योंकि ये व्याख्याकार भी एक अजीब सी जुगलबंदी करते दिखाई देते हैं। हाँ इन व्याख्याकारों को भी तो अपने साम्राज्य की चिन्ता होती है।
            पत्नी ने पूँछा क्या लिख रहे हो? जब मैंने बताया तो उन्होंने कहा, "हाँ, आप लोगों का भी काम बस यहीं तक सीमित हो चुका है लिख दिए! और किसने बढ़िया लिखा?" खैर....
           आज टहलने नहीं गया था और इसे लिखने बैठ गया। बाहर चिड़ियों की चहचहाहट सुनाई पड़ रही है। सोच रहा हूँ इन चहचहाहटों में साम्राज्यवाद नहीं है आइए! इसी को ध्यान से सुनें...