सोमवार, 18 जनवरी 2016

हम हैं कि गिनती करने में ही व्यस्त हैं!

         यदि सोशल मीडिया पर हम अपने फॉलोअर और अपनी अभिव्यक्तियों पर दूसरों के लाइक, कमेन्ट गिनेंगे तो निश्चित रूप से हमारी अभिव्यक्तियाँ पूर्वाग्रही होंगी।
        लेकिन हम सोशल मीडिया पर होते हुए अपने को किसी निश्चित विचारधारा, समुदाय या वर्ग का मानते हैं ; फिर तो यह प्रवृत्ति चल जाएगी क्योंकि तब हम किसी समुदाय या वर्ग या फिर किसी खास उद्देश्यों को लेकर काम कर रहे होते हैं, ऐसे में गिनना स्वाभाविक है और कम से कम गिनकर समझ लेंगे कि हमसे कितने लोग इत्तफाक रखते हैं तथा प्रसन्न हो लेंगे फिर दूसरों पर गिनती की अपनी धाक भी जमेगी।
         अब यदि हम अपने को समाज का निष्पक्ष आलोचक मानते हैं तो सोशल मीडिया पर अपने लिए ऐसी गिनती करना समाज के लिए खतरनाक हो सकती है, क्योंकि तब हमारी अभिव्यक्तियाँ इसी गिनती से प्रभावित होती है। सोशल मीडिया पर कुछ खास विचारों या विश्लेषण पर किए गए लाइक, कमेंट की संख्या देखकर इसका अनुमान लगाया जा सकता है। इस संख्या में हमें स्पष्ट रूप से वर्ग भेद या ध्रुवीकरण जैसी स्थिति दिखाई देने लगती है जो सही तस्वीर प्रस्तुत नहीं करती। भारत जैसे बहुभाषी, बहुधार्मिक देश के लिए यह प्रवृत्ति बेहद खतरनाक है। यहाँ गिनती के प्रति नहीं बल्कि समान दृष्टि और निष्पक्ष विचारों के प्रति प्रतिबद्धता होनी चाहिए, अन्यथा हम गिनती करने वाले लोग किसी मुद्दे पर क्षणिक राजनीतिक उठापटक मचाकर चर्चित होने का तमगा तो हाँसिल कर लेंगे लेकिन राष्ट्र को स्थाई दिशा देने में असफल ही रहेंगे।
        हमें कबीर वाली दृष्टि चाहिए; जो कबीर के इतने वर्षों बाद आज भी प्रासंगिक हैं, लेकिन हम हैं कि गिनती करने में ही व्यस्त हैं!

यह आबोहवा..!

           मेरे गन्तव्य का एक तिहाई दूरी तय कर चुकने के बाद बस अपने उस अड्डे से चलने ही वाली थी कि अचानक एक सत्ताईस-अट्ठाईस साल के नौजवान ने मुझे नमस्कार किया। मैं उसे पहचान नहीं पाया। फिर उसने अपना परिचय दिया -

         "सर आप ने पहचाना नहीं? चुनाव के दौरान आपने मेरी पत्नी की ड्यूटी काटी थी.. "

        मैं उसका मुँह देखने लगा था। उसने फिर कहा-

        "मेरी पत्नी टीचर है उस दिन उसे चुनाव ड्यूटी पर जाना था लेकिन उसे मधुमक्खी ने काट लिया था.. मैंने आपसे उसकी ड्यूटी काटने के लिए अनुरोध किया था और आप ने उसकी ड्यूटी काट दी थी.."

        हालाँकि, उस दौरान मैंने कुछ लोगों की समस्याग्रस्त परिस्थितियों के दृष्टिगत उन्हें चुनाव कार्य से विरत किया था लेकिन मधुमक्खी काटने के कारण किसी को इस ड्यूटी से मुक्त किया किया हो यह बात मुझे पूरी तरह से याद नहीं थी, फिर भी उस युवक का मान रखने के लिए मेरे मुँह से निकला-

       "हाँ..हाँ... याद आया...मैंने ड्यूटी काटी थी..!"

         इसके बाद वह युवक आकर मेरे बगल की खाली सीट पर बैठ गया। शायद उसे मेरी सहजता प्रभावित कर रही थी। बस इस छोटे से शहर के टूटे-फूटे सड़क पर हमें हिचकोले खिलाते हुए चल चुकी थी। हम दोनों के बीच कुछ क्षणों के मौन को तोड़ते हुए युवक ने हमसे कहा -

         "सर, आपसे एक सलाह लेना चाहता हूँ..यदि आप..?"

         मैंने बिना उसकी ओर देखे बोला-

        "पूँछो..पूँछो..! कोई बात नहीं.." बाहर बस की खिड़की से झाँकते हुए ही मैंने कहा।

         "सर, बात यह है कि मेरी पत्नी का आयकर विभाग में स्टेनोग्राफर के पद पर भी चयन हुआ था और आजकल वह वहीं काम भी कर रही है लेकिन इधर प्रशिक्षु शिक्षक की अवधि पूरी होने के बाद शिक्षक पद पर भी नियुक्ति होनी है.. उसे दोनों में से किस नौकरी में जाना चाहिए?" 

        युवक की इस बात से उसकी द्वन्द्वात्मक परिस्थिति का आभास कर मैंने उस बेचारे को सलाह देने के लिए उत्साहित हो उसकी ओर देखा। मुझे उसके चेहरे पर चिन्ता की लकीरें स्पष्ट दिखाई दे रही थी। फिर उसे चिन्तामुक्त करने की गरज से मैंने सलाह देने के अन्दाज में कहा- 

       "देखो, प्राइमरी टीचर की नौकरी उस स्टेनोग्राफर की नौकरी से बेहतर तो है ही; एक तो टीचर में वेतन भी अधिक होगा और दूसरे छुट्टियाँ भी मिलती रहेंगी, महिलाओं के लिए टीचर की नौकरी ही सबसे बढ़िया होती है।"

        "यही तो मैं भी कह रहा था सर! इसमें वेतन तो अधिक है ही परिवार और आगे बच्चों के देखभाल के लिए भी समय मिल जाएगा।" युवक ने मेरी ओर देखते हुए कहा।

         युवक के अनुसार उसकी पत्नी स्टेनोग्राफर की ही नौकरी करना चाहती है, बहुत समझाने पर शिक्षिका की नौकरी के लिए मन बना रही है। लेकिन उसके पिता अपनी बहू अर्थात उसकी पत्नी को आयकर विभाग में ही स्टेनोग्राफर की नौकरी कराने पर तुले हुए हैं। वह पत्नी की सहमति से अपने पिता को बताए बिना उसके टीचर पद पर नियुक्ति हेतु काउंसिलिंग के प्रमाण-पत्र जमा करने आया था जिससे किसी विद्यालय में उसके पत्नी की नियुक्ति हो सके। उस युवक की बातों से मुझे लगा कि उसकी पत्नी ने भविष्य में स्वयं के आयकर अधिकारी बन जाने की बात घरवालों को समझा रखा है। जब मैंने बताया कि स्टेनोग्राफर का प्रमोशन अधिकारी में नहीं हो सकता तो फिर उसने विभागीय परीक्षाओं का हवाला दिया। अब मैं समझ गया था कि स्वयं उसकी पत्नी प्राइमरी स्कूल की शिक्षिका नहीं बनना चाहती है।

          इसके बाद मैंने पूँछा, "क्या तुम्हारी पत्नी किसी बड़े शहर मैं नौकरी कर रही है?" युवक ने हामी भरी। और आगे उसने बताया कि स्टेनोग्राफर की इस नौकरी में उसे सुबह निकलना होता है और कभी-कभी तो लौटने में देर शाम भी हो जाती है। 

         मैंने कुछ सोचते हुए उससे पूँछा, "इसका मतलब तुम्हारी पत्नी शहर में रहना चाहती है, टीचर वाली यह नौकरी तो गाँवों के लिए है!"

         "जी सर, आपने सही कहा, वह शहर में ही रहना चाहती है, लेकिन सर! यह बताइए स्टेनोग्राफर को तो साहबों के साथ कभी-कभी दूसरे शहरों में भी दौरा करना पड़ सकता है तथा अपने साथ वे देर तक काम करने के लिए भी रोक सकते हैं?"

         जब मैंने यह कहा "हाँ यह भी हो सकता है" तो थोड़ा चिन्तित होते हुए वह बोला, "ऐसे में हमारे और पत्नी के बीच टकराव हो सकता है..रिश्तों में खटास..!"

       मैं समझ गया कि यह मुद्दा उसके लिए बहुत संवेदनशील है इसे कुरेदना उचित नहीं है। फिर मैं उससे बोला-
      
      "हो सकता है तुम्हारी पत्नी स्कूल के छोटे बच्चों का नाक न पोंछना चाहती हो लेकिन तुम अपनी पत्नी को यह समझाओ कि स्टेनोग्राफर की नौकरी में सदैव शहर में ही रहना पड़ेगा और घर के लिए छुट्टियाँ भी टीचर की अपेक्षा कम ही मिल पाएगी तथा शहरों के प्रदूषण से आदमी बीमार भी हो जाता है.. जबकि टीचर की नौकरी गाँव में ही करनी है जहाँ शुद्ध आबोहवा भी मिलेगी, और अगर छोटे-छोटे बच्चों को मन से पढ़ाएगी तो बच्चों का भविष्य तो सुधरेगा ही इसी बहाने थोड़ी समाज सेवा भी हो जाएगी!"
       
       "सर समझाया तो हूँ लेकिन मेरे पिताजी तो उससे स्टेनोग्राफर की ही नौकरी कराना चाहते हैं। मैं तो परेशान हूँ..." युवक की इस बात पर मैं कुछ नहीं बोला। फिर उसने मुझसे कहा-

"सर, आप कहीं मेरी नौकरी लगवा देते तो..पहले मैं कम्प्यूटर का काम करता था इन दिनों उसे छोड़ दिया हूँ क्योंकि आर्थिक परेशानियों के साथ अपने शहर से दूर रहना होता था.. कहीं संविदा पर ही हो सके तो मुझे कोई काम दिला दीजिए.."

        इसके साथ ही वह अपने नौकरी के लिए मुझसे काफी अनुनय-विनय करने लगा था। 

        अन्त में मैंने उससे कहा, "तुम नौकरी के लिए इतना परेशान क्यों होते हो? तुम्हारी पत्नी को तो नौकरी मिल ही गई है, तुम कम से कम अपने घर व बच्चों को सँभालोगे तो तुम्हारी पत्नी अच्छे से नौकरी कर लेगी।"

        मेरी इस बात को सुनकर वह बस की दूसरी खाली पड़ी सीट पर जाकर बैठ गया। इधर मैं सोच रहा था कि शायद यह इसलिए आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनना चाहता हो जिससे अपने परिवार में होने वाले निर्णय-प्रकृया का हिस्सा बन सके या हो सकता है पत्नी को लेकर उसका अहं भी जाग रहा हो...खैर उसके पारिवारिक भविष्य के प्रति मुझे कुछ चिन्ता सी हुई क्योंकि युवक मुझे भोला-भाला सा लगा।

गुरुवार, 7 जनवरी 2016

ये आदतें !


                उस दिन बस से ही मैं कहीं जा रहा था। सुबह-सुबह का ही समय था। मतलब उठें या न उठें या थोड़ी देर और सो लें जैसी जद्दोजहद में फँसे रहने वाला वही सुबह का समय था! बस में, ठीक ड्राइवर के ठीक पीछे वाली सीट पर ही मैं बैठा था। बस चली जा रही थी। अचानक मुझे सिगरेट या बीड़ी सुलगाए जाने की गंध मिलने लगी थी। मैं पीछे उझक कर देखने का प्रयास किया कि यह गंध कहाँ से आ रही है? लेकिन इसके लिए उत्तरदायी कोई व्यक्ति दिखाई नहीं दिया था। बस के अन्दर लाईट जल रही थी और बस के बाहर अभी तक अँधेरा ही था। इस अँधेरे को बस की हेडलाईट चीरती जा रही थी। इधर साथ ही किसी के द्वारा किए जा रहे धूम्रपान के इस धुएँ का मैं अहसास भी करता जा रहा था। बस में कौन अपने इस लत को पूरा कर रहा था इसे जानने का प्रयास मैंने छोड़ दिया क्योंकि ऐसे ही एक बार किसी को मैंने जब टोंका था तो पहले वह माना नहीं और बाद में खिल्ली उड़ाने के अन्दाज में पी चुकने के बाद ही सिगरेट फेंका था। मैं करता क्या झगड़ा तो कर नहीं सकता था केवल चुप लगा कर रह गया था।

            इसी समय मैंने बस के कंडक्टर को ठंडी हवाओं के बस के अन्दर आने के कारण बस की खिड़की को बन्द कर लेने के लिए कहते हुए एक यात्री से बहस करते देखा। फिर उस यात्री ने ड्राइवर की ओर इशारा करते हुए खिड़की के शीशे को खींच दिया था। मैंने ध्यान दिया यह बस ड्राइवर ही बीड़ी पर बीड़ी सुलगाए जा रहा था। 

             मैं मन ही मन सोचने लगा कि बस चलाते हुए इतनी सुबह ही इसे बीड़ी पीने की कौन सी आफत आ पड़ी थी। फिर सोचा, नशे की ये आदतें ऐसी ही होती हैं, आदमी बेचारा अपनी इन आदतों के सामने विवश हो जाता है। उसे भी टोकने का मेरे मन में खयाल आया लेकिन सोचा ड्राइवर को बीड़ी पीने से टोकने पर एक तो उसे बुरा लगेगा दूसरे वह तर्क देगा कि तरोताजा होने और चैतन्य होने के लिए मुझे तो यह करना ही है। यह छूट नहीं सकती। इसके बिना मैं बेचैन हो जाऊँगा। 

           फिर मेरा ध्यान अपने ऊपर गया। इसी तरह फेसबुक पर और आनलाइन रहने का भी अपना एक नशा होता है। एक बार जब मैंने तय किया कि आज दिन भर मुझे फेसबुक या किसी भी तरह के आनलाइन क्रियाकलापों से दूर रहना है तो दिन में कई बार मुझे जबरन इसका प्रयास करना पड़ा और शाम को तो जैसे हलका सा सिरदर्द ही होने लगा था, शायद यह दर्द भी एक तरह के लत से दूर रहने की जद्दोजहद से ही उपजा हो।

          वास्तव में नशा या लत किसी पदार्थ के जैविक प्रभाव से उत्पन्न नहीं होता, मतलब हमें नशे में डालने के लिए कोई वाह्य कारक भी उत्तरदायी नहीं है। बल्कि किसी चीज के प्रति हमारी आदतें ही नशा या लत होती हैं। कभी-कभी एक विशेष अनुभव से गुजरने की आदत ही नशा बन जाती है और बुरी आदतों का नशा ही हानिकारक होता है। कोई भी आदत धीरे-धीरे एक मनोवैज्ञानिक प्रक्रिया में बदल शरीर को जैविक तरीके से भी प्रभावित करने लगता है और इन आदतों से प्रभावित हमारा शरीर इसके लाभ या हानि से भी प्रभावित हो जाता है। बुरी आदतों से हमारा स्वास्थ्य तथा व्यवहार दोनों खराब हो जाता है। नशे के मामले में भी यही होता है। 

           आदतों से छुटकारा पाना स्वयं को एक मनोवैज्ञानिक प्रक्रिया से मुक्त करना होता है, जो बेहद कठिन होता है। यहाँ बहुत सजगता की आवश्यकता होती है। खासकर नशे जैसी किसी आदत नामक चीज से मुक्ति पाने के लिए कभी-कभी प्रारम्भिक चरण में तमाम तरह के शारीरिक दुष्प्रभावों का भी सामना करना पड़ता है, लेकिन यह केवल मानसिक अवस्था को प्रभावित करने वाला लक्षण मात्र ही है जो धीरे-धीरे नशे जैसी आदतों में सुधार होने के साथ ही गायब हो जाता है। 

     इतनी लम्बी बात बस ड्राइवर को हम उस समय नहीं समझा सकते थे। सोचा कहीं मेरे इस नशा-मुक्ति उपदेश पर यह ड्राइवर खिसिया गया तो चलती यह बस डिसबैलेंस हो जाएगी और सब धरा का धरा रह जाएगा। फिर मैंने भी अनचाहे धूम्रपान के इस धुएँ से मुक्ति पाने के लिए बस की खिड़की के शीशे को थोड़ा खिसका दिया और सीधे नाक पर बाहर की शुद्ध हवा लेने लगा था।

        कुछ ही क्षणों बाद मैंने अनुभव किया कि हाई-वे पर दौड़ी जा रही यह बस अप्रत्याशित रूप से अपने दाहिने अधिक कट रही थी। ध्यान दिया तो मैंने पाया कि बस ड्राइवर अपने जेब से गुटखा जैसे पाउच को निकाल उसे मुँह में डालने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान शायद उसके हाथों का नियन्त्रण बस के स्टेयरिंग पर न होकर गुटखे के पाउच पर हो गया था। ठीक उसी समय पीछे से किसी ट्रक ने हार्न बजाया और बस ड्राइवर बस के स्टेयरिंग पर पुनः नियन्त्रण स्थापित करते हुए बस को बाएं लाते हुए ट्रक को आगे जाने का रास्ता दिया था। मुझे लगा कभी-कभी ऐसी ही लापरवाहियों का खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ जाता है। 

      एक बात है, आदतों का भी गजब का मनोविज्ञान होता है। आदतें अच्छी या बुरी ही नहीं बल्कि हानि या लाभ देने वाली भी होती हैं। मतलब अपनी अच्छी आदतों के बलबूते लोग आसमान चूम लेते हैं तो बुरी आदतें लोगों को पतन के गर्त में ढकेल देती हैं। आशय यही कि आदतों का नशा हमारे लिए कई तरह के परिणाम लाते हैं। 

           यह भी देखने में आता है कि जिन व्यक्तियों में अच्छी या बुरी जैसी किसी भी आदत को गढ़ लेने की क्षमता नहीं होती वे विश्रृंखलित व्यक्तित्व के ही मालिक होते हैं, मतलब उनमें विखराव ही अधिक होता है और वे किसी भी लक्ष्य पर अपना ध्यान केंद्रित नहीं कर पाते और फिर जहाँ के तहाँ रह जाते हैं। वैसे अच्छी आदतों वाले बिना किसी विशेष प्रतिभा के भी शिखर पर पहुँच जाते हैं। 
      
       बिडम्बना यह भी है कि इन आदतों को क्या कहा जाए जिसका साइड इफेक्ट उन दूसरों पर पड़ता रहता है जो ऐसी किसी भी आदत से दूर रहते हैं। लेकिन उन बेचारों को दूसरों की आदतों को ढोना भर होता है! वैसे ही जैसे एक कार्यालय के साहब रजनीगंधा और राजश्री के तलबगार थे और जब वे तलब मिटा रहे होते थे तो उनका अटेंडेंट बेचारा अपने हाथों में पीकदान लिए उनके पीछे-पीछे चलता था। मुँह में पीक भरने पर जब साहब जी "हूँ " की ध्वनि निकालते हुए उसकी ओर देखते तो वह अटेंडेंट बेचारा तुरन्त समझ जाता था और झट से पीकदान साहब के मुँह के आगे कर देता और साहब का पिच्च पीकदान में! यह उस अटेंडेंट की मजबूरी बन और उसकी आदत में शुमार हो गया था। आम आदमी तो इन साहबों के कार्यालयों के कोनों को ही पीकदान के रूप में प्रयोग कर लेता है। इसी तरह बस में बैठे-बैठे हम भी तो ड्राइवर की आदत को कुछ क्षणों के लिए ढोने लगे थे। हालाँकि ठीक उसके सिर के ऊपर ही लिखा था "धूम्रपान निषेध" लेकिन लिखा रहे इसका क्या यह तो लिखा ही रहता है। मैंने भी इस लिखे का अर्थ निषेध के प्रतिषेध के रूप में ही ग्रहण किया। अब कानून की किताबों में भी तो सब कुछ लिखा है लेकिन क्या कोई कानून टूटने से रह जाता है? 

       उस चलती बस में मेरी बातचीत एक परिचित से होने लगी थी। उन्होंने मुझे बताया कि एक लड़के वाले ने दो लाख के चक्कर में उनकी बेटी की शादी नहीं मानी। लड़के वाले बीस लाख माँग रहे थे और वे किसी तरह से फंड पेंशन से अट्ठारह लाख इकट्ठा कर देने के लिए तैयार थे। अब पता नहीं लड़के वाले किस आदत के शिकार थे यह भी एक शोध का विषय बन सकता है। 

         बातों-बातों में एक अन्य व्यक्ति की भी चर्चा हुई थी जिसकी पत्नी का देहांत तब हो गया था जब उसके दो बच्चे पांच-छह साल के रहे होंगे। उस समय उस व्यक्ति की पुनः विवाह के लिए लोगों ने काफी प्रयास किया था लेकिन अपने बच्चों के खातिर विवाह करने से मना कर दिया। आज उनकी बेटी कुछ बड़ी हो गई है वह अपने छोटे भाई को तैयार कर स्कूल भेजती है तथा पिता के लिए भी टिफिन तैयार कर फिर स्वयं स्कूल जाती है। 

         कहने का आशय यही है इन सारी बातों के पीछे हमारी कोई न कोई आदत ही होती है जो हमारी ऐसी सोच बनाती है या फिर हमारी कोई सोच ही होती है जो हमारी आदत बन जाती है। यहाँ कुछ लोग कह सकते हैं कि सोच से ही आदतें बनती हैं। लेकिन सोच बहुत अच्छी होने पर भी हम कभी न कभी कुछ न कुछ बुरा कर बैठते है। इसका उदाहरण समाज में मिलता रहता है। आखिर ऐसा क्यों? 

           क्योंकि बातें बस यही है कि सोचते तो हम बहुत अच्छा हैं लेकिन इस सोच के ही अनुरूप हमारी आदतें नहीं होती इसीलिए हमसे गलतियाँ भी हो जाती हैं। हमारी अच्छी आदतें ही हमें गलतियों से बचाती हैं। 

         नशा तो अच्छी आदतों का ही होना चाहिए न कि किसी नशे की आदत!

सोमवार, 30 नवंबर 2015

बस यूँ ही (आत्म्द्रष्टा)

                बड़ी विचित्र स्थिति है देश में..! देश की सारी बौद्धिक उर्जा मात्र धर्म-निरपेक्षता, सहिष्णुता-असहिष्णुता जैसे मुद्दे पर ही खर्च हो जा रही है: पता नहीं बाकी चीजों के लिए यह उर्जा बचेगी भी या नहीं? या बाकी चीजें हों ही न और देश की सारी समस्या की जड़ इसी में हो? क्या किया जा सकता है जब कुछ लोगों के लिए इस चर्चा में ही लाभ दिखाई दे रहा हो। 

              खैर नेताओं की छोड़िए उनकी तो रोजी-रोटी ही ऐसी चर्चाओं पर निर्भर करती है, चिन्ता तो तब होती है जब अपने-अपने कौम के तथाकथित बुद्धिजीवी ठेकेदार हर समय इन्हीं चर्चाओं में मशगूल दिखाई देते हैं और सभी अपने को ही सही ठहराने की कोशिश में लगे रहते हैं, जैसे उन्हें अपनी कौम की अन्य चिन्ताओं पर सोचने की फुर्सत ही नहीं..! 

               क्या इन बातों से समाज में जहर नहीं फैलता..? वास्तव में हम स्वयं असहिष्णु हैं। तभी तो आजादी के बाद हम घूम फिर के वहीं आ जाते हैं जहाँ से चले थे।

             इससे तो अच्छा है सुबह-सुबह टहलने निकल जाइए और उगते सूरज को भी निहार लीजिए..दिमाग फ्रेश हो जाएगा और कम से कम कुछ ही देर के लिए ही सही इस खुराफाती बुद्धि से मुक्ति मिल जाएगी। 

            एक बात और बता दें ज्यादा किताबें पढ़ने से  बुद्धि के भ्रमित हो जाने की भी सम्भावना रहती है क्योंकि तब इस बुद्धि पर अपना कन्ट्रोल नहीं रह जाता और आप जानते ही हैं कि बिना हैंडिल-ब्रेक के गाड़ी दुर्घटना ग्रस्त हो जाती है या फिर यह गाड़ी किसी निर्दोष पर चढ़ जाती है। मतलब यही कि किताबें पढ़कर हम ग्यान तो झाड़ लेंगे लेकिन शायद ही आत्मद्रष्टा बन पाएँ..?

               दूसरी बात यह कहना चाहता हूँ कि इसका मतलब यह नहीं कि मैं पुस्तक विरोधी हूँ..और न ही किसी प्रकाशक लेखक के पेट पर लात मारने का इरादा है, बस कुल जमा यह कहना चाहते हैं कि तनिक अपने ओर भी निहार लिया करें.. 

              हाँ...भगवान् बुद्ध ने भी कोई किताब पढ़कर आत्मदीपो भव का उपदेश नहीं दिया था.. आत्मचिंतन और ध्यान से ही यह सब उन्होंने पाया था..!

           तो भाई लोग हम सब थोड़ा सा ही सही आत्म-चिंन्तन किया करें तब निश्चित रूप से आप भी मुस्कराएंगे और दूसरे तो खैर आपको देखकर ही मुस्कुरा लेंगे।

मेरी वह अदृश्य धार्मिकता..?

बस यूँ ही 

           आज टहलते समय सुबह-सुबह कानों में आवाज पड़ी "अल्ला-हो-अकबर" इस ध्वनि को सुनकर मेरे मन में भी कुछ-कुछ भक्ति भावना सी जाग उठी!  लेकिन टहलने का क्रम जारी रहा..

     हाँ टहलने स्टेडियम तक जाता हूँ, मेरे आवास से यह स्टेडियम बारह सौ कदमों की दूरी पर है, और उस स्टेडियम का एक चक्कर आठ सौ पच्चीस कदम का होता है। अगर सबेरे पाँच बजे के आसपास उठ जाते हैं तो इस स्टेडियम का तीन चक्कर लगाते हैं नहीं तो दो चक्कर लगाकर वापस आ जाते हैं, वैसे कुल पाँच हजार कदमों के चलने का लक्ष्य लेकर चलते हैं..! हाँ कभी-कभी आलस के कारण टहलने नहीं भी जाते हैं क्योंकि मन किसी बन्धन में बँधने का नहीं भी होता और इस रूप में अपने आलस को जस्टीफाई भी कर लेते हैं.. 

         पहले इस तरह टहलने बाहर नहीं निकलते थे,  वहीं अपने लान में ही कुएं के मेढक की तरह चक्कर लगा लेते थे क्योंकि किसी का सामना न हो जाए यही सोचकर बाहर टहलने नही निकलता था। लेकिन वह तो श्रीमती जी की प्रेरणा से बाहर टहलने निकलने लगा..खैर.. 

         आज टहल कर जब अपने आवास पर आए तो "अल्ला-हो-अकबर" के सुनने से उपजी भक्ति-भावना अभी भी दिल पर तारी थी..अब मेरा भी मन कुछ-कुछ धार्मिक सा हो चला था...सोचने लगा अभी-अभी यह मन जो धार्मिक हुआ है क्या इसके पहले ऐसा नहीं था...? या फिर मन में उपजी यह धार्मिक भावना केवल कुछ क्षणों के लिए ही है..? तो क्या इस भावना के शान्त होते ही मन अधार्मिक हो जाएगा..?

          वैसे जब मन धार्मिक होता है तो कुछ करने का मन होता है, जैसे लगा कि भजन ही सुनने लगूँ..या फिर भगवान् के फोटू के सामने हाथ जोड़ कर खड़ा हो जाऊँ..! और बस इसके बाद मेरी धार्मिकता संन्तुष्ट हो चुकी होगी...

         वैसे धर्म तो बहुत ही अदृश्य सी चीज होती है... दिखाई नहीं देती.. जब भगवान् के फोटू के सामने हाथ जोड़कर खड़ा हो जाऊंगा तो यह दिखाई देने लगेगी...ऐसे ही सबेरे टहलते समय कानों में पड़ी "आल्ला-हो-अकबर" की ध्वनि भी प्रगट रूप से किसी की धार्मिकता की अभिव्यक्ति थी जिसने मेरी धार्मिकता को जगाया था..! 

         फिर वह अदृश्य धार्मिकता क्या होती है..?  अरे भाई..!  वही कि चोरी न करो.. झूठ न बोलो..किसी को सताओ न (वैसे बेचारे कमजोर कहाँ किसी को सताते हैं ) हिंसा न करो वगैरह-वगैरह जैसे विचार..!  हाँ ये तो सभी धर्मों के अंग हैं..जो दैनंदिन व्यवहार के ही अंग होते हैं.. 

        तो जिस क्षण मन धार्मिक हुआ था तो क्या यह अदृश्य धार्मिकता भी मन पर तारी हुई थी..? हाँ..यही तो नहीं कह सकते..! बस जब धार्मिक मन होता है तो नहाने तक सब्र करते हैं, जैसे ही नहाते हैं झटपट दो अगरबत्ती अपने भगवान् के फोटू के सामने जला देते हैं और लोटकी में भरे ताजे पानी से आचमन भी कर लेते हैं...फिर भगवान् वाले फोटू को दो रामदाना दिखा जैसे अपने भगवान् को ललचाकर इसे अपने ही मुँह में डाल लेते हैं..! मतलब भगवान् का भी भोग लगा देते हैं..और मेरी धार्मिकता सम्पन्न हो चुकी होती है..!  वैसे यह नितांत निजी मामला है आपको नहीं बताना चाहिए था..लेकिन आजकल आर.टी.आई. का जमाना है.. तो कोई बात अब निजी नही रह पाएगी.. 

       आप कहेंगे मैं अपनी भक्ति या धार्मिक भावना का मजाक उड़ा रहा हूँ..! लेकिन भाई ऐसा नहीं है, मैं कभी-कभी अपने भगवान् के फोटू के सामने हाथ जोड़कर भी खड़ा हो जाता हूँ...! तब वो क्या कहते हैं..? वही ईसाइयों में..! हाँ याद आ गया.. हाथ जोड़े हुए मैं कन्फेशन करता हूँ उस अदृश्य धार्मिकता को न निभा पाने के कारण..!! ऐसा करते-करते कभी आँखों में आँसू भी आ जाते हैं..! फिर विनती भी कर लेते हैं कि अगले दिन सामने खड़े होकर हाथ जोड़ने की औकात दे देना प्रभू..!

         वास्तव में ये सारे दिखाई पड़ने वाले धर्माडंम्बर हैं न..! वह उसी अदृश्य धार्मिकता के लिए ही हैं ; हम अपने-अपने तरीके से कन्फेशन करते हैं और जो ऐसा नहीं करते वही मेरा-तेरा धर्म कहते हुए विवाद करते हैं..

         मेरे इस कमरे में श्रीमती जी ने ही इस भगवान् के फोटू को..प्रसाद के लिए रामदाना की डिब्बी को..ताँबे की लोटकी को..और अगरबत्ती के पैकेट को..हाँ इन सब को उन्होंने ही रखा था...और मैंने उनकी ही धार्मिक आस्था को सम्मान देने के लिए इसे अपनी दिनचर्या में भी शामिल कर लिया है.. देखिये यह सब कब तक चलता है.. 

              "बस यूँ ही" जरा थोड़ा लम्बा हो गया..

बुधवार, 18 नवंबर 2015

भोथरे नोक वाले कलमों की पीड़ा

       एक बात है किसी बुराई के विरूद्ध खड़े आवाज के विरोध में कोई भी तर्क खड़ा नहीं किया जा सकता। इस तथ्य का लाभ किसी बुराई के विरुद्ध आवाज उठाने वाले व्यक्ति की आलोचना करने वाले आलोचक के लिए सुरक्षा-कवच के रूप में मिल सकता है। साहित्यिक पुरस्कार प्राप्त लेखकों की पुरस्कार वापसी के कारण हो रही उनकी आलोचना में यही तथ्य काम कर रहा है और इस क्रम में साहित्यकारों की हो रही आलोचना निष्प्रभावी है।

        लेकिन साहित्यकारों द्वारा उठाया गया यह एक बहुत बड़ा कदम है। प्रथम तो यही कि क्या देश के ऐसे हालात हो गए हैं कि इस तरह के कदम उठाए जाएं? वास्तव में हालात कुछ भी हों फिर भी साहित्यकारों को ऐसे कदम उठाने के पहले एक बार अवश्य सोचना चाहिए। पुरस्कार लौटाकर ये साहित्यकार एक महत्वपूर्ण लड़ाई को कमजोर कर रहे हैं। जिस बढ़ती साम्प्रदायिकता के विरुद्ध आवाज उठाई गई है उस लड़ाई के भविष्य में कमजोर पड़ जाने का खतरा उत्पन्न हो गया है। क्योंकि एक स्वांग से बेहतर होता है समाज के गहरे में उतर कर इन बुराईयों के विरुद्ध ठोस वैचारिक धरातल बनाना और इस रूप में एक वास्तविक लड़ाई लड़ना जो समाज को प्रभावित कर सके। इन साहित्यकारों के पुरस्कार वापसी के कदम ने उन्हें किसी विचारधारा के विरोध में न दिखाते हुए मात्र एक संवैधानिक सरकार के विरोध में दिखा दिया है।


         भारतीय समाज एक जटिल ताने-बाने से निर्मित समाज है यहाँ सरकारें भी सामाजिक सोच से बनती बिगड़ती हैं। स्वयं लेखकों की प्रतिबद्धताएं भी विभाजित रही हैं। यदि ऐसा न होता तो दलितों की पीड़ा के लिए दलित साहित्य का जुमला न चला होता। इसका अर्थ स्पष्ट है कि ये लेखक अपने सामाजिक अनुभव और उससे उपजे सरोकार को सीमाओं में बाँधते हैं। लेखकों की इस विभाजित प्रतिबद्धताओं का इस्तेमाल उनके पुरस्कार वापसी के ब्रह्मास्त्र के विरूद्ध किया जा सकता है। भारत की राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियों में इस कार्य में लेखकों की अपेक्षा नेतृत्व वर्ग ही सफलता अर्जित करेगा। स्वयं लेखकों के इस कदम ने एक अलग तरीके के सम्प्रदायवाद की राजनीति करने का श्रीगणेश कर दिया है। और एक तथ्य यह भी है कि एक वैचारिक ध्रुवीकरण एक दूसरे तरह के वैचारिक ध्रुवीकरण को जन्म दे दिया करता है चाहे यह साहित्यिक या लेखकीय ही क्यों न हो, और मुख्य मुद्दा नेपथ्य में जा सकता है। एक तरह की राजनीतिक लड़ाई को पुरस्कार वापसी वाले इन साहित्यकारों ने हथियाने की चेष्टा की है और इस रूप में ये राजनीतिक मोहरे बनते जा रहे हैं।यहाँ इनके कलमों के नोक अब भोथरे दिखाई देने लगे हैं। इस कृत्य को कलम की लड़ाई मानना भी भूल होगा क्योंकि कलम की स्याही ही स्थाई और असरकारी होती है। अन्त में इन पुरस्कृत साहित्यकारों के पुरस्कार वापसी के कृत्य में एक दोष दिखाई देता है वह यह कि ये लोग किसी पीड़ा का सामान्यीकरण करते नहीं दिखाई दे रहे बल्कि कुछ घटनाओं का ही सामान्यीकरण करते दिखाई देते हैं।     

मंगलवार, 17 नवंबर 2015

ये धार्मिक संगठन

                 वैसे कोई भी संगठन या संघ हो इनके उद्देश्यों को लेकर मन में हमेशा ही संदेह रहा है...खासकर भारतीय संविधान के अंगीकरण के पश्चात ! वैसे ऐसे किसी यूनियन या संगठन की आवश्यकता तभी हो सकती है जब किसी व्यक्ति या संस्था के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा संवैधानिक संस्थाओं द्वारा न हो पा रही हो | लेकिन गैर संवैधानिक संगठन अपने असंवैधानिक अधिकारों के लिए ही अधिक प्रयत्नशील दिखाई देते हैं| यह प्रवृत्ति विशेषकर धार्मिक संगठनों में ही अधिक दिखाई देती है| ये धार्मिक संगठन अपने संगठन को और अधिक शक्तिशाली बनाने के लिए तथा अपने लिए अधिक जनसमर्थन जुटाने के लिए अपने धार्मिक समुदायों में तमाम तरह के धार्मिक भावनाओं को उभारने की कोशिश भी करते रहते हैं| भारत जैसे बहुधार्मिक वाले राष्ट्र के लिए यह प्रवृत्ति खतरनाक है क्योंकि ऐसे संगठन एक दूसरे धार्मिक समुदाय की प्रतिक्रिया में ही खड़े दिखाई देते हैं और इस रूप में यह असंवैधानिक है, ऐसे किसी भी धार्मिक संगठन को यदि ये संगठन अपने समुदाय में अन्तर्निहित दुष्प्रवृत्तियों को नहीं पहचानते और इसके लिए सुधारात्मक उपाय नहीं करते तो ये संगठन देशद्रोही संगठन की श्रेणी में माने जाने चाहिए| वैसे हमारी संस्थाओं का भी एक प्रमुख दायित्व यह देखना भी है कि ऐसे धार्मिक संगठनों का उदय आखिर किन परिस्थितियों में होता है? 
         
                विश्व हिन्दू परिषद् भी एक धार्मिक संगठन है और निश्चित रूप से तमाम धार्मिक संगठनों वाली बुराइयाँ इस संगठन में भी हैं, मैं एक हिन्दू हूँ और इसमें किसी धार्मिक संगठन का कोई योगदान नहीं है, हाँ भारतीय नागरिक हूँ इसमें भारतीय संविधान का योगदान अवश्य है| राम मंदिर आन्दोलन को  छोड़कर जिसके कारण भारतीय नागरिकों के बीच अविश्वास की खाई ही चौड़ी हुई है इसे छोड़ इस संगठन का कोई योगदान दिखाई नहीं देता और इस योगदान को भी देश भक्ति की श्रेणी में नहीं माना जा सकता| अब ऐसे संगठनों के नेताओं को आप किस श्रेणी में मानते हैं इसका सर्वाधिकार आप में निहित है|